CEC ज्ञानेश कुमार कुमार के खिलाफ जन महाभियोग की तैयारी, खरगे पेश करेंगे प्रस्ताव, मीरा कुमार होंगी स्पीकर

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर शुक्रवार को सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग की प्रक्रिया की जाएगी। इसमें इंडिया गठबंधन के कई सांसद शामिल होंगे।

Updated: Oct 30, 2026, 11:52 AM IST

नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ने विरोध तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गठबंधन आज शुक्रवार को सांकेतिक ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे।

सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक की। इसमें जन महाभियोग कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों की जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया। कार्यक्रम को लेकर विपक्षी नेताओं के बीच विस्तार से चर्चा हुई।

प्रस्तावित कार्यक्रम की शुरुआत खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर होगी। यहां मल्लिकार्जुन खड़गे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सांकेतिक ‘महाभियोग प्रस्ताव’ पेश करेंगे। इसके बाद INDIA गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के प्रतिनिधि प्रस्ताव पर अपनी बात रखेंगे। अंत में राहुल गांधी समापन भाषण देंगे। प्रस्ताव पारित किए जाने से पहले उनका संबोधन होगा।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को जानकारी दी थी कि कार्यक्रम शुक्रवार अपराह्न 3:30 बजे आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलने के कारण इसे खड़गे के आवास पर आयोजित करने का फैसला लिया गया है।

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।