BJP ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है, ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं, रामलीला मैदान में बोले अखिलेश यादव

बीजेपी को लग रहा होगा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने से लोग डर जाएंगे लेकिन उन्होंने अपने देशवासियों को कभी पहचाना नहीं। मेरे भारत का हर कोई डरने वाला नहीं, लड़ने वाला है: उद्धव ठाकरे

Updated: Mar 31, 2024, 05:25 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ महारैली हुई। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद विपक्षी गठबंधन की ये पहली बड़ी रैली है। इसमें सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, शरद पवार, प्रियंका गांधी, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, सीताराम येचुरी, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला के अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन शामिल हुईं।

इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'ये रामलीला मैदान ऐतिहासिक मैदान है और आज जब हम लोग यहां एकत्रित हुए हैं और एकसाथ खड़े हुए हैं तो इस मैदान से ये ऐलान होने वाला है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं। दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं। ये लोग (भाजपा) जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है?'

अखिलेश यादव ने आगे कहा, 'मैं तो उस उत्तर प्रदेश से आता हूं जहां के लोगों ने भाजपा को मौका दिया और उनका स्वागत किया लेकिन याद रहे कि उत्तर प्रदेश के लोग जो स्वागत करते हैं वो धूम-धाम से विदाई भी करते हैं। आपने चुने हुए लोगों और मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया। जिस लोकतंत्र के लिए दुनिया में भारत का सम्मान होता था, आज उसी भारत की दुनिया में किसी ने सबसे ज्यादा थूं-थूं करवाई है तो वो भाजपा के लोगों ने करवाई है। इनके 10 साल का कार्यकाल आप देखोगे तो ये ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं। ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।'

इस दौरान महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, "आप (कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल) चिंता मत करो, सिर्फ हम ही नहीं पूरा देश आपके साथ है। कुछ दिन पहले आशंका थी कि क्या हमारा देश तानाशाही की ओर चल रहा है? लेकिन अब ये आशंका नहीं सच्चाई है। बीजेपी को लग रहा होगा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने से लोग डर जाएंगे लेकिन उन्होंने अपने देशवासियों को कभी पहचाना नहीं। मेरे भारत का हर कोई डरने वाला नहीं, लड़ने वाला है। और अगर आपमें (बीजेपी) हिम्मत है तो बीजेपी को मैं चुनौती देता हूं कि आप बाकी सब लोगों को छोड़ दो और अपने बैनर पर लगा दो कि बीजेपी के साथ जो पार्टी है वो ED, CBI और IT है।'

वहीं, TMC के राज्यसभा सांसद सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने रैली में कहा कि तृणमूल कांग्रेस INDIA गुट का हिस्सा थी, है और रहेगी। ये जंग भाजपा और लोकतंत्र के खिलाफ है। ये लड़ाई मोदी की गारंटी के खिलाफ है, जिसकी कोई वारंटी नहीं है।

रैली को संबोधित करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, 'मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या प्रधानमंत्री ने सही किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल एक सच्चे देश भक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? क्या केजरीवाल जी को इस्तीफा देना चाहिए? आपके केजरीवाल शेर हैं, ये ज़्यादा दिन तक आपको जेल में नहीं रख पाएंगे।'

सुनीता केजरीवाल ने इंडिया रैली के मंच से अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ा। इस संदेश के जरिए उन्होंने देश के सामने 6 गारंटी रखी।

1. पूरे देश में 24 घंटे बिजली, कोई पावर कट नहीं होगा।
2. पूरे देश में गरीबों की बिजली फ्री की जाएगी।
3. हर गांव और मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल बनाई जाएगी। हर गांव-मोहल्ले में मोहल्ला क्लिनिक खोला जाएगा।
4. किसानों को स्वामीनाथन आयोग के मुताबिक एमएसपी दी जाएगी।
5. दिल्लीवासियों को पूर्ण सरकार दी जाएगी। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा।
6. हर जिले में मल्टि स्पेशलिटी सरकारी अस्पताल बनाई जाएगी।