अंतरात्मा की आवाज पर यहां आया हूं, भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने को लेकर बोले अभिनेता कमल हासन

राजधानी दिल्ली में राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए अभिनेता कमल हासन, बोले- मैं अंतरात्मा की आवाज पर यहां आया हूं

Updated: Dec 24, 2022, 01:51 PM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को राहुल गांधी के साथ लाखों की संख्या में लोग कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुए। इस दौरान पूरी दिल्ली भारत जोड़ो यात्रा की रंग में रंगी दिखी। खास बात ये है कि आज सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी दोनों यात्रा में शामिल हुए। साथ ही मशहूर एक्टर कमल हासन भी राहुल गांधी के साथ कदमताल करते नजर आए।

लाल किले पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कमल हासन ने कहा कि वे अंतरात्मा की आवाज पर यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, 'कई लोगों में मुझसे पूछा कि मैं यहां क्यों हूं? मैं यहां एक भारतीय के तौर पर हूं। मेरे पिता कांग्रेसी थे। मेरी अलग-अलग विचारधाराएं थीं और मैंने अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी शुरू की लेकिन जब देश की बात आती है, तो सभी राजनीतिक दलों की लाइनें धुंधली हो जाती हैं। मैंने उस लाइन को धुंधला कर दिया और यहां आ गया।'

कमल हासन ने आगे कहा कि, 'कई लोगों ने मुझे इस यात्रा में शामिल होने से मना किया। मुझसे कहा गया कि इससे तुम्हारे पॉलिटिकल करियर पर असर पड़ेगा.. लेकिन मेरे लिए देश सबसे पहले है। मैं आईने के सामने खड़ा हुआ और खुद से कहा- यही वक्त है जब देश को मेरी सबसे ज्यादा जरूरत है। फिर मेरे अंदर से आवाज आई - "कमल... भारत तोड़ने की मदद मत करो, जोड़ने की मदद करो।'

यह भी पढ़ें: देश से नफरत मिटाने की जरूरत, इससे काफी नुकसान हो रहा है: लाल किला से राहुल गांधी का संबोधन

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी राहुल के साथ पदयात्रा में शामिल हुईं। यह दूसरी बार है जब सोनिया गांधी यात्रा में शामिल हुई हैं। अक्टूबर में, उन्होंने कर्नाटक में कांग्रेस के मेगा पैदल मार्च में भाग लिया था। जबकि प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश और राजस्थान में यात्रा में शामिल हुईं थीं।'

7 सितंबर को कन्याकुमारी में शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में इससे पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस पूजा भट्ट, स्वरा भास्कर, अमोल पालेकर, रिया सेन, सुशांत सिंह, रश्मि देसाई और ओनिर जैसी कई हस्तियां शामिल हो चुकी हैं।