हिमाचल में शानदार जीत की ओर कांग्रेस, प्रतिभा सिंह के घर के बाहर जश्न का माहौल

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि राज्य में हम देंगे मजबूत सरकार, विक्रमादित्य सिंह बोले- हम 10 निश्चय को पूरा करेंगे

Updated: Dec 08, 2022, 07:14 AM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के रुझान सामने आ गए हैं। राज्य में कांग्रेस शानदार जीत की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी अध्यक्ष और सीएम पद की प्रबल दावेदार प्रतिभा सिंह के घर के बाहर जश्न का माहौल है। प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य ने कहा कि उनकी मां सीएम पद की दावेदार हैं, लेकिन अंतिम निर्णय हाईकमान को करना है।

कांग्रेस की दिल्ली स्थित मुख्यलाय में भी हिमाचल के नतीजों को लेकर जश्न का माहौल है। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस 39 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, वहीं बीजेपी 26 सीटों पर आगे चल रही है। इस बीच कांग्रेसे नेता पवन खेड़ा का बड़ा बयान सामने आया है। पवन खेड़ा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोई कड़ी टक्कर नहीं है। हम पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ रहे हैं और एक स्थिर सरकार देने जा रहे हैं। यहां कोई ऑपरेशन नहीं चलेगा और न ही हम इसकी अनुमति देंगे। 

यह भी पढ़ें: Himachal-Gujarat Results Live: हिमाचल में कांग्रेस बहुमत के पार, गुजरात में बीजेपी का कब्जा बरकरार

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पार्टी ने राज्य में पर्यवेक्षक बनाया है। भूपेश बघेल पहले से ही हिमाचल के वरिष्ठ पर्यवेक्षक हैं। सूत्रों के मुताबिक मतगणना के मद्देनजर दोनों नेता शिमला में मौजूद हैं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा विधानसभा में कुल 68 सीट हैं, बहुमत के लिए 35 सीटों की जरूरत है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल पर सरकारें बदलती रही हैं। हर 5 साल में सरकार बदलने वाले इस राज्य में बीजेपी व कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के दौरान अपना पूरा दम लगा दिया था। वर्ष 1985 से ही कोई भी पार्टी लगातार 10 साल तक सत्ता में नहीं रही है। इसे देखते हुए साल 2022 के विधानसभा चुनाव कैंपेन के दौरान बीजेपी ने 'राज नहीं, रिवाज बदलेंगे' का नारा दिया था। हालांकि, राज्य की जनता ने भाजपा को नकार दिया।