कोरोना से मौत के आंकड़ों ने तोड़ा रिकॉर्ड, बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 4329 लोगों की मौत

संक्रमण दर घटने के बावजूद मौत के आंकड़ों ने डराया, देश में कोरोना के नए मामलों में गिरावट,  24 घंटे में सामने आए 2 लाख 63 हजार 533 नए मामले 

Updated: May 18, 2021, 07:30 AM IST

Photo Courtesy: Al-Jazeera
Photo Courtesy: Al-Jazeera

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों की रफ्तार जरूर धीमी हुई है, लेकिन इसका कहर नहीं रुका है। संक्रमण दर घटने के बावजूद  भारत में मौत के आंकड़े बेहद डरावने हैं। बीते 24 घंटे के दौरान कोरोनावायरस से हुई मौत के मामलों ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते 24 घंटे में देशभर में अबतक के सर्वाधिक 4 हजार 329 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 2 लाख 63 हजार 533 नए मामले दर्ज किए गए। जबकि 4 लाख 22 हजार 436 लोग डिस्चार्ज हुए।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक कुल सक्रिय मामलों में 1 लाख 63 हजार 232 मामलों की कमी दर्ज की गई है। देश में फिलहाल 33 लाख 53 हजार 765 सक्रिय मामले हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बीते 14 माह में कुल 2 करोड़ 52 लाख 28 हजार 996 लोग कोरोना संक्रमण के शिकार हुए हैं और अबतक देश में 2 लाख 78 हजार 719 मौतें कोरोना से हो चुकी हैं।

यह भी पढ़ें: एक ही दिन में कोरोना से 50 डॉक्टरों की हुई मौत, IMA का दावा दूसरी लहर में 244 डॉक्टरों ने गंवाई जान

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक देशभर में दर्ज किए गए कुल मामलों में 13.29 फीसदी सक्रिय केस हैं। इनमें से 85.60 फीसदी डिस्चार्ज केस हैं, वहीं 1.10 फीसदी लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना से अबतक 2 करोड़ 52 लाख 28 हजार 996 लोग संक्रमित हुए हैं। कोरोना से बिगड़ते हालातों के बीच टीकाकरण अभियान की रफ्तार भी धीमी हो गई है। सोमवार को देशभर में महज 15 लाख 10 हजार 418 लोगों को टीका दिया गया। देशभर में अबतक कुल 18 करोड़ 44 लाख 53 हजार 149 डोज लगाए गए हैं।