Coronavirus India : 24 घंटों में रिकॉर्ड 28,637 केस

Lockdown : अबतक कुल 22,667 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत

Publish: Jul 13, 2020, 12:26 AM IST

भारत में कोरोना का आंकड़ा साढ़े आठ लाख तक पहुंच गया है वहीं पिछले 4 दिनों में एक लाख से ज्यादा नए कोरोना केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में देशभर में अबतक के सबसे ज्यादा 28,637 नए मामले आए हैं वहीं 551 संक्रमितों की मौत हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 8 लाख 49 हजार 553 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 22,667 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 2 लाख 92 हजार 258 है। राहत की बात ये है कि देशभर में अबतक कुल 5 लाख 34 हजार 621 मरीज इस महामारी से जंग जीतकर पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं।

देशभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में प्रतिदिन 25 हजार से ज्यादा की वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में 551 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी ने भारत में अबतक कुल 22,667 लोगों की जानें ली हैं। वहीं देश का रिकवरी रेट बढ़कर 63 फीसदी तक जा पहुंचा है। भारत में कोरोना संक्रमण के अबतक के 8 लाख 49 हजार 553 मामले सामने आए हैं। दुनियाभर में इस महामारी से अबतक 1 करोड़ 28 लाख 47 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें 5 लाख 67 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में तीसरे स्थान पर है। भारत ने रूस, ब्रिटेन, स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 33 लाख 55 हजार से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें  एक लाख 37 हजार से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो चुकी है। अमेरिका के बाद ब्राजील का नंबर आता है जहां संक्रमितों का संख्या 18 लाख 40 हजार से ज्यादा है वहीं 71 हजार से ज्यादा मौतें हुई है।