देहरादून की बुजुर्ग महिला ने राहुल गांधी के नाम कर दी सारी संपत्ति, बोलीं- देश की एकता के लिए राहुल जरूरी

सरकारी स्कूल की शिक्षिका रहीं 80 वर्षीय पुष्पा मुन्जियाल ने कोर्ट में वसीयतनामा देकर कहा कि 50 लाख रुपए की मेरी संपत्ति और 10 तोला सोना का मालिकाना हक राहुल गांधी को सौंप दिया जाए

Updated: Apr 04, 2022, 05:28 PM IST

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दिलचस्प खबर सामने आई है। यहां 80 साल की एक बुजुर्ग महिला ने अपनी सारी संपत्ति कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नाम कर दी है। सरकारी स्कूल की शिक्षिका रही महिला ने कहा है कि देश की एकता के लिए राहुल गांधी समर्पित हैं, इसलिए मेरी संपत्ति के लिए राहुल गांधी सबसे उपयुक्त हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला पुष्पा मुन्जियाल ने इससे संबंधित वसीयतनामा अदालत में पेश किया। वसीयतनामा में अपनी संपत्ति का पूरा ब्यौरा देते हुए उन्होंने न्यायालय से अनुरोध किया कि उनके बाद उनकी पूरी संपत्ति का मालिकाना हक राहुल गांधी को सौंप दिया जाए। महिला की संपत्ति में 50 लाख की जमीन-जायदाद और 10 तोला सोना शामिल है।

यह भी पढ़ें: किसानों पर महंगाई की दोहरी मार, डीजल के बाद अब खाद के दाम में हुआ भारी इजाफा

देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने बताया कि बाद में मुन्जियाल ने संपत्ति का वसीयतनामा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह को उनके यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर सौंप दिया। पूर्व में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका रहीं मुन्जियाल का कहना है कि उन्होंने राहुल गांधी के विचारों से अत्यधिक प्रभावित होने के कारण अपनी संपत्ति उनके नाम की है।

मुन्जियाल ने अपने फैसले को लेकर कहा कि, 'गांधी परिवार ने देश की आजादी से लेकर आज तक, हमेशा आगे बढ़कर देश के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है। चाहें इन्दिरा गांधी हो या राजीव गांधी हों। उन्होंने इस देश की एकता और अखण्डता के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी। जबकि सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी ने देश सेवा के लिए अपने आप को समर्पित कर दिया है। राहुल गांधी और उनके विचार आज देश की एकता और अखंडता के लिए जरूरी है।'

यह भी पढ़ें: भाई ने अनबोला कर दिया, मीडिया के माध्यम से बातें कर रहे हैं, CM शिवराज के बयान पर उमा भारती का पलटवार

पुष्पा मुन्जियाल जीवन भर अविवाहित रहीं और उनके पीछे उनका कोई वारिस नहीं है। वह फिलहाल देहरादून के प्रेमधाम वृद्धाश्रम में रह रही हैं। ऐसे में उन्होंने राहुल गांधी को अपनी संपत्ति के लिए सबसे उपायुक्त माना है।उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने बुजुर्ग महिला द्वारा उठाए गए इस कदम की सराहना की है। सिंह ने कहा कि, 'कांग्रेस की विचारधारा से बुजुर्ग का लगाव ही है कि उन्होंने अपनी संपत्ति राहुल जी के नाम करने का निर्णय लिया। आज के इस युग मे जहां लोग संपत्ति को लेकर विवादों में उलझे रहते हैं, ऐसे में पुष्पा जी का यह कदम सराहनीय है।'