Delhi Election Results: दिल्ली में बंपर बहुमत से BJP सरकार, केजरीवाल-सिसोदिया चुनाव हारे
दिल्ली विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। रुझान में भाजपा काफी आगे चल रही है। जबकि आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया चुनाव हार गए हैं।
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है। अभी तक आए रुझानों में, आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) काफी आगे चल रही है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया अपनी सीट से चुनाव हार चुके हैं। जबकि सीएम आतिशी अपनी सीट बचाने में कामयाब रहीं।
इसी के साथ देश की राजधानी में 27 साल बाद भाजपा की वापसी हो रही है।
केजरीवाल 4099 वोट से हारे
नई दिल्ली सीट से AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल भी हार गए हैं। केजरीवाल 4099 वोटों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा से चुनाव हार गए। वहीं, कांग्रेस के संदीप दीक्षित तीसरे नंबर पर रहे।
हम सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा, 'भाजपा को जीत की बधाई देता हूं। लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है। उम्मीद करता हूं जनता की उम्मीदों पर वे खरे उतरेंगे। हमने शिक्षा, पानी और बिजली के क्षेत्र में काम किया है। हमें जनता ने निर्णय दिया है। हम कंस्ट्रक्टिव विपक्ष का रोल निभाएंगे। हम जनता के सुख-दुख में काम आएंगे। हम राजनीति में सत्ता के लिए नहीं आए हैं। हम लोगों के सुख-दुख बांटने के लिए आए हैं। मैं आप के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहता हूं। उन्होंने बहुमत मेहनत की है। उन्होंने शानदार चुनाव लड़ा, उन्हें बधाई।'
जनता का फैसला स्वीकार: मनीष सिसोदिया
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से 600 वोट से हार गए। उन्होंने कहा कि हमने मेहनत की, लेकिन जनता का फैसला हमारे पक्ष में नहीं आया। हम उनका फैसला स्वीकार करते हैं।
यह मेरी व्यक्तिगत हार: अवध ओझा
पटपड़गंज से आप प्रत्याशी अवध ओझा चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा प्रत्याशी रवींद्र सिंह नेगी ने 23 हजार 280 वोटों से हराया। अवध ने कहा, 'यह मेरी व्यक्तिगत हार है। अब मैं वापस जाकर अपना काम करूंगा और अगली बार फिर पडपड़गंज से चुनाव लड़ूंगा।'
न्याय हुआ: AAP की हार पर कुमार विश्वास
आप की हार पर कुमार विश्वास ने कहा, 'करोड़ों लोग नौकरियां छोड़कर आए थे, दुश्मनियां ली थीं। उन सब की हत्या एक आत्ममुग्ध आदमी ने, चरित्रहीन आदमी ने अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए की। उसको ईश्वरीय विधान से दंड मिला। खुशी इस बात की भी है कि न्याय हुआ।'
हमें और मेहनत करनी होगी: प्रियंका गांधी
वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "यह रिजल्ट आने ही थे। हर मीटिंग से यह साफ हो रहा था कि लोग बदलाव चाहते थे। उन्होंने बदलाव के लिए वोट किया। जहां तक कांग्रेस की बात है तो हमें और मेहनत करनी होगी।
दिल्ली में भाजपा की वापसी
दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की वापसी हो रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा 1 सीट जीती और 46 सीटों पर उसे बढ़त है यानी कुल 47 सीटें। आम आदमी पार्टी (AAP) भी एक सीट जीती है, 22 सीटों पर आगे चल रही है यानी कुल 23 सीटें। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है।
हार के करीब केजरीवाल
नई दिल्ली सीट से अरविन्द केजरीवाल 1800 वोटों से पीछे चल रहे हैं। केवल 3 राउंड की गिनती बाकी है।
हमें जनता का फैसला मंजूर: संदीप दीक्षित
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, 'अब तक के रुझानों में ऐसा लग रहा है कि वे (भाजपा) सरकार बनाएंगे। हमने मुद्दे उठाए लेकिन मुझे लगता है कि लोगों ने सोचा कि हम सरकार नहीं बनाने जा रहे हैं। हम लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं।'
अरविंदर लवली पीछे
- गांधीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अरविंदर लवली 5000से ज्यादा वोटों से पीछे
- करोलबाग से भाजपा महासचिव और प्रत्याशी दुष्यंत गौतम 4114 वोटो से पीछे
- कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक को अबतक मिले कुल 729 वोट
- शाहदरा से भाजपा प्रत्याशी संजय गोयल 3130 वोटों से आगे, जितेन्द्र शंटी पीछे
- मालवीय नगर से सतीश उपाध्याय 2828 वोट से आगे
नई दिल्ली से केजरीवाल को बढ़त
नई दिल्ली सीट पर 13 राउंड की गिनती होनी है। अभी तक चार राउंड की गिनती हो गई है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल 223 वोटों से आगे हैं।
जंगपुरा से मनीष सिसोदिया आगे
दिल्ली की जंगपुरा सीट पर आप के मनीष सिसोदिया पहले घंटे में पीछे चल रहे थे। लेकिन अब वो आगे निकल गए हैं। जंगपुरा सीट पर AAP के मनीष सिसोदिया दो राउंड की गिनती के बाद 1800 वोटों से बढ़त बनाई है। हालांकि, आतिशी अभी भी पीछे चल रही हैं।
दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की वापसी
रुझानों के अनुसार भाजपा देश की राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में आती नजर आ रही है। दिल्ली में कुल विधानसभा सीटें 70 हैं। यहां बहुमत का आंकड़ा 36 है। ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा को आप पर बढ़त दिखाई ग ई थी। जो अब सही साबित होती नजर आ रही है।
भाजपा 42 सीट पर आगे
चुनाव आयोग ने 69 सीटों के रुझान जारी किए हैं। इसके मुताबिक, भाजपा 42 और AAP 27 सीटों पर आगे है। EC के मुताबिक भी रुझानों में भाजपा को बहुमत मिल रहा है।
नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के अरविंद केजरीवाल 254 वोट से आगे चल रहे हैं। पहले केजरीवाल पीछे चल रहे थे। कालकाजी सीट से आतिशी अभी भी पीछे चल रही हैं। जंगपुरा से मनीष सिसोदिया और पटपड़गंज से अवध ओझा आगे चल रहे हैं। पहले ये भी पीछे चल रहे थे।
और लड़ो आपस में: उमर अब्दुल्ला
रुझानों में बीजेपी की बढ़त और आम आदमी पार्टी-कांग्रेस के लगातार पीछे चलने की खबरों पर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पोस्ट कर दोनों दलों को घेरा है। उन्होंने लिखा, "और लड़ो आपस में"
केजरीवाल-सिसोदिया आगे
अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से जबकि मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से अब आगे चल रहे हैं। केजरीवाल 257 जबकि सिसोदिया 1800 वोट से आगे चल रहे हैं। वहीं, सीएम आतिशी कालकाजी सीट पर 1149 वोटों से पीछे चल रही हैं।
पटपड़गंज से अवध ओझा पीछे
- पटपड़गंज सीट से भाजपा के प्रत्याशी 1971 वोटो से आगे।
- रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता 1966 वोट से पीछे
- शकरपुर बस्ती से आप प्रत्याशी सत्येंद्र 2956 वोट से पीछे
- ग्रेटर कैलाश से आप के सौरभ भारद्वाज 459 वोट से पीछे
एग्जिट पोल्स पर मुहर
दिल्ली में 5 फरवरी को 70 सीटों पर 60.54% मतदान हुआ था। 14 एग्जिट पोल आए। 12 में भाजपा और 2 में केजरीवाल की सरकार बनने का अनुमान जताया गया। शुरुआती रुझान एग्जिट पोल्स पर मुहर लगा रहे है। बहरहाल, दोपहर 12 बजे तक दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी, यह संभवतः साफ हो जाएगा।
केजरीवाल, आतिशी पीछे
नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के अरविंद केजरीवाल, कालकाजी सीट से आतिशी पीछे चल रही हैं। जंगपुरा से मनीष सिसोदिया और पटपड़गंज से अवध ओझा आगे चल रहे हैं। पहले ये भी पीछे चल रहे थे।
रुझानों में भाजपा को बहुमत
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बैलट वोट्स की गिनती पूरी हो चुकी है। अब EVM की काउंटिंग चल रही है। रुझानों में भाजपा 43 सीट और आम आदमी पार्टी (AAP) 26 सीटों पर आगे चल रही है।
दिल्ली में 37 सीटों पर भाजपा आगे
दिल्ली में वोटों की गिनती का एक घंटे पूरा होने वाला है। शुरुआती एक घंटे की गिनती में भाजपा आगे चल रही है। शुरू के आधे घंटे में भाजपा और आम आदमी पार्टी में कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। लेकिन अब भाजपा बहुमत के पार निकल चुकी है। केजरीवाल, सिसोदिया, आतिशी सहित आप के कई उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं।