रीवा में तेज रफ्तार ऑडी ने बाइक सवारों को रौंदा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

रीवा-रायपुर मार्ग पर शनिवार को काल बनकर आई ऑडी कार ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में पिता, पुत्र और भांजी की मौके पर ही मौत हो गई।

Updated: Feb 07, 2026, 07:14 PM IST

रीवा। रीवा-रायपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा कोष्टा गांव के पास हुआ। मृतकों की पहचान भागवत विश्वकर्मा, उनके छोटे बेटे शिवम विश्वकर्मा और भांजी शीतल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। जानकारी के मुताबिक, भागवत विश्वकर्मा के बड़े बेटे शुभम की शादी 25 फरवरी को तय थी। हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह का पहला निमंत्रण भगवान को अर्पित किया जाता है। इसी रस्म को निभाने के लिए परिवार बाइक से चिरहुला नाथ मंदिर जा रहा था। 

यह भी पढ़ें:टीचर्स के मीम बनाने पर स्कूल से निकाला, सुप्रीम कोर्ट ने ICSE बोर्ड से मांगा जवाब

इसी दौरान रायपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ऑडी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑडी कार को जब्त कर लिया है लेकिन हादसे के बाद उसका चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें:इंदौर के बाद भोपाल में भी नाले का पानी सप्लाई, गायत्री नगर के रहवासियों ने अफसरों को दिखाया काला पानी का सैंपल