देश का आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट संसद में पेश, FY27 में 7.2 फीसदी GDP ग्रोथ का अनुमान

Economic Survey 2026: इकोनॉमिक सर्वे 2025-26 में यह उम्मीद जताई गई है कि अमेरिका के साथ चल रही ट्रेड डील इसी साल के भीतर पूरी हो सकती है।

Updated: Jan 29, 2026, 02:17 PM IST

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार 29 जनवरी को देश का 'आर्थिक रिपोर्ट कार्ड' यानी इकोनॉमिक सर्वे लोकसभा में पेश किया। इस सर्वे में बताया गया है वित्त वर्ष 2026-2027 में जीडीपी ग्रोथ 6.8 फीसदी से 7.2 फीसदी की रेंज में रहने का अनुमान है।

सर्वे के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष (FY26) में भारत की विकास दर 7.4% रहने का अनुमान है। हालांकि अगले साल के लिए इसे थोड़ा कम (7.2% तक) आंका गया है, लेकिन दुनिया भर में मची उथल-पुथल को देखते हुए यह आंकड़ा बहुत मजबूत माना जा रहा है।

सरकार का कहना है कि दुनिया में बढ़ते टैक्स (टैरिफ) और राजनीतिक तनाव के बावजूद भारत की बुनियाद मजबूत है। बजट 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और यह सर्वे 1 फरवरी को आने वाले बजट की दिशा तय करेगा।

इकोनॉमिक सर्वे के मुताबिक- RBI और IMF ने अनुमान जताया है कि आने वाले साल में महंगाई दर धीरे-धीरे बढ़ेगी। यह 4% के तय लक्ष्य (± 2%) के दायरे में बनी रहेगी। खरीफ की अच्छी पैदावार और रबी की बेहतर बुआई को देखते हुए, दिसंबर 2025 में RBI ने वित्त वर्ष 2026 के लिए महंगाई दर का अनुमान 2.6% से घटाकर 2% कर दिया था।

आरबीआई का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 की पहली और दूसरी तिमाही (Q1 और Q2) में महंगाई दर: 3.9% और 4% रह सकती है। इकोनॉमिक सर्वे में इस बात पर जोर दिया गया है कि वित्त वर्ष 2026 में एग्रीकल्चर ग्रोथ 3.1% रहने की उम्मीद है।

बता दें कि आर्थिक सर्वेक्षण सरकार का वह आधिकारिक दस्तावेज है जो बताता है कि पिछले एक साल में देश ने कितनी कमाई की, कहां खर्च किया और आने वाले समय के लिए हमारी तैयारी क्या है। इस बार यह रिपोर्ट कार्ड मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन की देखरेख में तैयार किया गया है।