दिग्विजय सिंह ने लिया नामांकन फॉर्म, भोपाल से 10 विधायकों को लेकर दिल्ली रवाना हुए डॉ गोविंद सिंह

अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी के लिए दिग्विजय सिंह ने आज अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस मुख्यालय जाकर नॉमिनेशन फ़ॉर्म लिया और इससे पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संभवतः कल वो नॉमिनेशन फाइल करेंगे

Updated: Sep 29, 2022, 09:27 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। गुरुवार को वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह नामांकन पत्र लेने AICC मुख्यालय पहुंचे। सिंह ने इस दौरान मीडिया से कहा कि वे कल नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस मुख्यालय से उन्होंने नॉमिनेशन के दस फॉर्म लिए हैं।

 

सिंह के प्रस्तावक के रूप में भोपाल से 10 विधायकों को दिल्ली भेजा जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि पीसीसी चीफ कमलनाथ के निर्देशानुसार वे 10 विधायकों को अपने साथ लेकर दिल्ली जा रहे हैं। ये विधायक अध्यक्ष पद चुनाव में सिंह के प्रस्तावक होंगे।

इसके पहले गुरुवार सुबह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम राजधानी दिल्ली स्थित दिग्विजय सिंह के आवास पर पहुंचे थे। यहां करीब 1 घंटे तक दोनों नेताओं के बीच तमाम पहलुओं पर बातचीत हुई। इसी दौरान राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक जोधपुर हाउस में सीएम अशोक गहलोत से मिलने पहुंचे थे। वहीं संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी दिल्ली में हैं और वो अशोक गहलोत की कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात से पहले 10 जनपथ पहुंचे थे। माना जा रहा है कि दिल्ली में मुलाकातों का दौर आज पूरा दिन जारी रहेगा।

गुरुवार सुबह दिग्विजय सिंह के नामांकन की खबर आने के बाद उनके दिल्ली स्थित आवास पर कांग्रेस कार्यकताओं का हुजूम देखने को मिला। कांग्रेस मुख्यालय के लिए निकलने से पहले सिंह ने एक एक कार्यकर्ता से मुलाकात की। उसके बाद वे नॉमिनेशन फार्म लेने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा और चंदेरी विधायक गोपाल सिंह चौहान (डग्गी राजा) भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कल सुबह सवा 11 बजे सिंह नामांकन दाखिल करेंगे।