3 लोकसभा सीटों और 30 विधानभा सीटों पर 30 अक्टूबर को होंगे चुनाव, चुनाव आयोग ने की घोषणा

14 राज्यों में उपचुनाव होने हैं, इन सीटों पर मतगणना 2 नवंबर को होगी

Updated: Sep 28, 2021, 05:02 AM IST

नई दिल्ली। 14 राज्यों में होने वाले बहुप्रतीक्षित उपचुनावों का इंतजार अब खत्म हो गया है। चुनाव आयोग ने उपचुनावों की तारीखों का एलान कर दिया है। 30 अक्टूबर को कुल तीन लोकसभा सीटों और 30 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इन सीटों पर परिणाम 2 नवंबर को आएंगे। 

जिन तीन लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें दादरा और नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश की मंडी और मध्य प्रदेश की खंडवा सीट है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, असम, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित कुल 13 राज्यों में विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। 

असम की पांच सीटों पर उपचुनाव होने हैं। जबकि पश्चिम बंगाल की चार, मेघालय, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की तीन तीन सीटों पर उपचुनाव होने हैं। राजस्थान, बिहार और कर्नाटक की दो दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। वहीं मिजोरम, तेलंगाना, नागालैंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और हरियाणा की एक सीट पर उपचुनाव होंगे। 

अगले महीने होने वाले उपचुनावों में मध्य प्रदेश में होने वाले उपचुनावों को सबसे दिलचस्प माना जा रहा है। 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इन चुनावों को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश में खंडवा की लोकसभा सीट के अलावा जोबट, पृथ्वीपुर और रैगांव की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इन सीटों में खंडवा की लोकसभा सीट और रैगांव की विधानसभा सीट भाजपा के कब्जे में थी। जबकि जोबट और पृथ्वीपुर सीट कांग्रेस के कब्जे में थी। यह सभी सीटें निर्वाचित प्रतिनिधियों की मृत्यु के बाद खाली हुई हैं।