मशहूर शायर मुनव्वर राणा का हार्ट अटैक से निधन, 71 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

मशहूर शायर मुनव्वर राणा का देर रात कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया है। वह कई दिनों से बीमार थे। लखनऊ पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था।

Updated: Jan 15, 2024, 12:15 AM IST

लखनऊ। उर्दू के मशहूर शायर मुनव्वर राणा का निधन हो गया है। उन्होंने 71 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थे। मुनव्वर राणा के निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मुनव्वर राणा मां पर लिखी गईं अपनी शायरियों की वजह से आम लोगों में खूब लोकप्रिय थे। पिछले साल मुनव्वर राणा को तबीयत खराब होने पर लखनऊ के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब भी उनकी हालत इतनी बिगड़ गई थी कि उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

मुनव्वर राना की तबीयत काफी दिनों से खराब चल रही थी लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। तबीयत ज्यादा खराब होने की वजह से परिवार के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वह लखनऊ के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। उन्हें किडनी की समस्या थी, जिसका डायलिसिस होता था। हालत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें लखनऊ के पीजीआई में रेफर किया गया। यहां वह काफी दिन से डॉक्टरों की देखरेख में थे।

रविवार शाम से उनकी हालत बिगड़ने लगी। रात 11 बजे के आसपास उन्होंने पीजीआई में आखिरी सांस ली। मुनव्वर राना देश के जाने-माने शायरों में गिने जाते हैं। उन्हें साहित्य अकादमी और माटी रतन सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।