अयोध्या से जनकपुर के बीच शुरू हुई सीधी ट्रेन, PM मोदी और नेपाली PM बालेन शाह ने दिखाई हरी झंडी
सोमवार 23 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह ने अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई।
भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधी रेल कनेक्टिविटी शुरू हो गई है। सोमवार 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सरयू कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते नेपाल पहुंचेगी। पहले दिन इसमें 1,158 यात्री सवार हुए। आम यात्रियों के लिए इसका नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
इस रेल सेवा से अयोध्या और जनकपुर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब दोनों धार्मिक नगरों के बीच यात्रा के लिए रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। ट्रेन यूपी और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकेगी। इसका भारत में आखिरी पड़ाव जयनगर होगा। वहां से यह नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी।
यह भी पढ़ें:इंदौर में 62 मकानों पर नगर निगम ने चलाया बुलडोजर, कालका माता मंदिर तोड़ने पर भड़के लोग
सरयू कमला एक्सप्रेस अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच करीब 18 से 19 घंटे में सफर पूरा करेगी। ट्रेन नंबर 15596 प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या धाम से रवाना होगी और मंगलवार को नेपाली समयानुसार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से चलेगी। यह रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। अयोध्या धाम इसका शुरुआती स्टेशन और जनकपुर धाम अंतिम स्टेशन होगा।
सरयू कमला एक्सप्रेस का संचालन 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच होंगे। इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए एक एलएसएलआरडी कोच और बिजली उत्पादन के लिए एक पावर कार लगाई गई है। एसी श्रेणी में 2 सेकंड एसी कोच होंगे। इनमें प्रत्येक में 52 बर्थ उपलब्ध रहेंगी। 3 थर्ड एसी कोच में 72-72 और 3 थर्ड एसी इकोनॉमी कोच में 80-80 बर्थ होंगी। वहीं, सातों स्लीपर कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था है। एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें होंगी। फिलहाल रेलवे की ओर से ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें:भोपाल के ऐशबाग इलाके में 599 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई, 3 हजार लोगों पर बेघर होने का संकट
उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के संबंधों को साझा आस्था, इतिहास और संस्कृति से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और धार्मिक विरासत के प्रतीक हैं। पीएम मोदी ने 2018 में जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि उस समय भी उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना भारत के तीर्थ अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। सरयू कमला एक्सप्रेस की शुरुआत को उन्होंने दोनों देशों के इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम देने वाला कदम बताया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे।
अयोध्या और जनकपुर के बीच इस रेल सेवा को रामायण से जुड़े प्रसंगों के लिहाज से भी खास माना जा रहा है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, राजा दशरथ जब भगवान श्री राम की बारात लेकर मिथिला पहुंचे थे तब इस यात्रा में चार दिन लगे थे। अब आधुनिक रेल संपर्क के जरिए श्रद्धालु यही दूरी करीब 19 घंटे में तय कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें:बालाघाट में फूड पॉइजनिंग से 100 से ज्यादा बच्चे बीमार, मेले में खाया था चाउमीन और मंचूरियन
नेपाल से अयोध्या दर्शन करने पहुंचीं कुछ महिलाओं ने भी इस नई सेवा को लेकर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि वे सुबह अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर चुकी हैं और अब इसी ट्रेन से जनकपुर जाकर माता जानकी के दर्शन करेंगी। उनका कहना था कि एक ही यात्रा में दोनों पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।




