राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके पिता राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उनकी हत्या हो सके।

Updated: Nov 24, 2026, 05:02 PM IST

नई दिल्ली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी की हत्या को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि इसके संकेत पहले ही मिलने लगे थे। उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी से कहा था कि अगर इसे रोकने के लिए कुछ किया नहीं गया, तो उन्हें अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए बहुत जल्द विदेश से भारत वापस आना पड़ सकता है, हुआ भी ऐसा ही। मई 1991 में वह अपने पिता राजीव गांधी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत वापस आए। इससे कुछ ही साल पहले, 1984 में राहुल की दादी इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी।

राहुल गांधी ने एक नए वीडियो में, मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका के साथ बातचीत करते हुए किताब बिलॉन्गिंग पर चर्चा करते हुए दावा किया कि "पापा की सुरक्षा इसलिए हटा दी गई थी ताकि उनकी हत्या हो सके।" बता दें कि राजीव गांधी को इंदिरा गांधी की हत्या के बाद अचानक प्रधानमंत्री बनाया गया था। कई सालों तक वे बुलेटप्रूफ जैकेट पहनते और कड़ी सुरक्षा घेरे में रहते थे, उनके विरोधी इस बात का मजाक उड़ाते थे। फिर 1989 के चुनाव में राजीव गांधी हार गए। चुनाव जीतने वाले वीपी सिंह के गठबंधन ने उस समय आरोप लगाया था कि कमांडो के घेरे में रहने वाले राजीव गांधी आम लोगों से कट गए हैं।

बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने वीडियो में बताया कि राहुल अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर गए थे। उन्होंने इस दौरे को बहुत डरावना बताया। उस समय राजीव विपक्ष के नेता थे। वे खुले जीप में यात्रा कर रहे थे। लोगों ने उन पर पत्थर फेंके थे। सोनिया ने कहा कि अगर सुरक्षा ठीक नहीं हो और किसी राज्य में BJP या विपक्ष की सरकार हो, तो वहां सुरक्षा पर खास ध्यान नहीं दिया जाता। इस दौरे से घर लौटकर राहुल ने मुझसे कहा, 'मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार में शामिल होऊंगा।'
राहुल ने बातचीत में बिहार दौरे को आखिरी चेतावनी बताया था। उन्होंने कहा कि वह इससे पहले भी सुरक्षा को लेकर अपनी बात साफ कर चुके थे।

राजीव गांधी ने 1991 में बिहार की एक रैली में इस बात को स्वीकार किया था। टाइम मैगजीन के मुताबिक, उन्होंने 5 मई को बिहार में कहा था, ‘मैं 1984 में कांग्रेस का महासचिव रहते ऐसे ही प्रचार करता था। लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद सिस्टम ने मुझे अपने कब्जे में ले लिया।’ उन्होंने कहा था, ‘खतरा अब भी है और कम नहीं हुआ है, लेकिन कोई विकल्प नहीं है। या तो आप प्रचार करें या अपनी सुरक्षा संभालें।’ इसके बाद राजीव तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर गए। 21 मई को एक महिला चंदन की माला लेकर उनके सामने झुकी। तभी बम विस्फोट हुआ और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत हो गई। उस समय राजीव गांधी महज 49 साल के थे।