दिग्विजय सिंह की यात्रा में शामिल हुए टीएस सिंहदेव, आज शाम ओरछा पहुंचेगी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा
20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
निवाड़ी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन के शिवधाम से अयोध्या के श्रीरामधाम तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को निवाड़ी जिले में आगे बढ़ रही है। यात्रा में छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। ग्राम नेगुवां में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा सुबह ओरछा के लिए रवाना हुई। दिग्विजय सिंह ने बताया कि यात्रा बुधवार शाम तक भगवान श्रीराम की नगरी ओरछा पहुंचेगी।
ओरछा में यात्रा के आगमन पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण, शिवार्चन पूजन और रामकथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा में पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी साथ चल रहे हैं।
बुधवार को यात्रा के दौरान ग्राम धौरा के किसान सूरज सिंह राजपूत ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों के साथ अन्याय का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों का हक छीनकर धंधे वालों को दे दिया है। सूरज सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार चोरी करके सत्ता में बैठी है और उसे हटाने के लिए सिर्फ एक ठप्पा बदलना है। उन्होंने दिग्विजय सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोगों को पट्टे और कई तरह की सुविधाएं मिलती थीं।
बता दें कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के माध्यम से सनातन, समता और समानता का संदेश दिया जा रहा है। यात्रा गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद कर रही है। 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। यात्रा का उद्देश्य सनातन परंपराओं के सम्मान, धार्मिक आस्था और मंदिरों में चढ़ावे की पारदर्शिता जैसे विषयों को लेकर जनजागरण करना है।




