आंध्र प्रदेश के पूर्व CM चंद्रबाबू नायडू गिरफ्तार, भ्रष्टाचार के मामले में CID का बड़ा एक्शन

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री को सीआईडी ने नंदयाला शहर के ज्ञानपुरम में आर के फंक्शन हॉल से सुबह करीब छह बजे गिरफ्तार किया।

Updated: Sep 09, 2023, 08:57 AM IST

तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख व आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू को भ्रष्टाचार के एक मामले में शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री को सीआईडी ने नंदयाला शहर के ज्ञानपुरम में आर के फंक्शन हॉल से सुबह करीब छह बजे गिरफ्तार किया। कौशल विकास घोटाला मामले में एसआईटी और सीआईडी अधिकारियों ने चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार किया है। सीआईडी ने चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, इसके कुछ ही देर बाद ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

चंद्र बाबू नायडू को दिए गए नोटिस में सीआईडी ​​की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के पुलिस उपाधीक्षक एम. धनुंजयुडु ने कहा, 'आपको सूचित किया जाता है कि आपको सुबह 6 बजे आर के फंक्शन हॉल, ज्ञानपुरम में गिरफ्तार कर लिया गया है... नोटिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को आईपीसी की प्रासंगिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है, जिसमें धारा 120बी (आपराधिक साजिश), 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति की डिलीवरी के लिए प्रेरित करना) और 465 (जालसाजी) शामिल हैं। आंध्र प्रदेश सीआईडी ​​ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम भी लगाया है।'

यह भी पढ़ें: G20 Summit से पहले PM मोदी और बाइडन के बीच द्विपक्षीय बैठक, पीएमओ ने कहा- कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई

रिपोर्ट्स के मुताबिक चंद्रबाबू नायडू के वकील ने कहा है कि हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज का पता लगने के बाद CID सबसे पहले उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए लेकर गई है। हम उनकी जमानत के लिए हाई कोर्ट का रुख कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस को बड़ी संख्या में वहां एकत्र हुए टीडीपी कैडरों के कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। यहां तक कि नायडू की सुरक्षा कर रहे एसपीजी बलों ने भी पुलिस को यह कहते हुए अनुमति नहीं दी कि वे नियमों के अनुसार सुबह 5.30 बजे तक किसी को भी नायडू तक पहुंचने की अनुमति नहीं दे सकते।

बता दें कि CBI ने 9 दिसंबर, 2021 को इस मामले में FIR दर्ज की थी। इसमें 25 लोगों को आरोपी बनाया गया था। इस FIR में नायडू का नाम नहीं था। CID का दावा है कि जांच में जो बातें सामने आई हैं, उनके आधार पर चंद्रबाबू को गिरफ्तार किया जा रहा है। वहीं, आंध्र प्रदेश पुलिस ने चंद्रबाबू के बेटे पारा लोकेश को ईस्ट गोदावरी जिले से हिरासत में लिया है।