KYC अपडेट करने के नाम पर विनोद कांबली से लाखों की ठगी, पुलिस ने साइबर जालसाजों को पकड़ा रिकवर किए पैसे

फर्जी बैंककर्मी ने घर बैठे KYC अपडेट करने के नाम पर की ठगी, विनोद कांबली से मांगी खाते की जानकारी, लिंक भेजकर क्लिक करने को कहा, देखते ही देखते लगा 1.14 लाख रुपए का चूना

Updated: Dec 10, 2021, 09:29 AM IST

Photo Courtesy: Indian express
Photo Courtesy: Indian express

मुंबई। पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए, साइबर ठगों ने उनके खाते से 1 लाख से ज्यादा की रकम पार कर ली। जिसकी शिकायत विनोद ने स्थानीय बांद्रा पुलिस थाने में दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि उनके खाते का KYC अपडेट करने के नाम पर 1.14 लाख रुपए का चूना लगा है। कांबली का कहना है कि उनके पास एक फोन आया था, फोन करने वाले ने खुद तो उनके बैंक का अफसर बताया था। उसने कहा कि एक लिंक भेज रहा हूं जिसपर क्लिक करके आप घर बैठे अपना KYC अपडेट कर सकते हैं। साथ ही उसने उनके बैंक की कुछ डिटेल मांगी। जैसे ही कांबली ने जानकारी दी और लिंक पर क्लिक किया उसके खाते से रुपये पार हो गए। यह घटना 3 दिसंबर की बताई जा रही है। बांद्रा पुलिस में शिकायत के बाद अब साइबर सेल ने आरोपी को पकड़ लिया है, और क्रिकेटर के पैसे वापस करवा दिए हैं।

अपने पैसे वापस मिलने पर विनोद कांबली ने बांद्रा पुलिस का शुक्रिया कहा है। वहीं क्रिकेटर ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर भरोसा कर किसी लिंक को क्लिक ना करें, औऱ किसी से अपने बैंक से जुड़ी जानकारी शेयर ना करें।

विनोद कांबली देश के जाने माने क्रिकेटर हैं, उनकी जोड़ी सचिन तेंदुलकर के साथ जमती थी। विनोद ने टीम इंडिया में रहते हुए 17 टेस्‍ट और 104 वनडे मुकाबले खेले हैं, उनके नाम सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। सचिन और कांबली बचपन के दोस्त है, दोनों ने स्कूल के दौर में ही वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला था। शारदाश्रम स्कूल की टीम से खेलते हुए दोनों ने 664 रनों की पार्टनरशिप निभाई थी। विनोद कांबली ने तब नॉटआउट रहते हुए 349 रन अपनी टीम के लिए जोड़ा थे।