देश में 61 हुई Omicron संक्रमितों की संख्या, महाराष्ट्र में 8 और दिल्ली में 4 नए मामले दर्ज

महाराष्ट्र में Omicron से संक्रमित पाए गए आठ मरीजों ने नहीं की थी विदेश की यात्रा, जबकि दिल्ली में चार नए मरीज हाल ही में विदेश यात्रा कर के लौट हैं

Publish: Dec 15, 2021, 02:54 AM IST

नई दिल्ली। भारत में Omicron वेरिएंट ने तेज़ी पकड़ना शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र में Omicron से आठ नए मरीज संक्रमित पाए गए हैं। जिसमें मुंबई में अकेले सात मरीज मिले हैं। राजधानी दिल्ली में नए वेरिएंट के चार नए मरीज मिले हैं। अब देश में Omicron से संक्रमित मरीजों की संख्या 61 पहुंच गई है। 

महाराष्ट्र में Omicron से संक्रमित पाए गए आठ मरीजों में विशेष बात यह है कि इन सभी ने हाल ही में कोई विदेश यात्रा भी नहीं की थी। ऐसे में महाराष्ट्र में Omicron के फैलाव की अधिक आशंका बढ़ गई है। इससे पहले महाराष्ट्र में दो नए मरीज सामने आए थे और दोनों ही वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके थे। वहीं राजधानी दिल्ली में नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए चारों मरीज हाल ही में विदेश यात्रा से लौटे हैं। 

Omicron के नए मामले सामने आने के बाद अब महाराष्ट्र में Omicron संक्रमितों की संख्या 28 पहुंच गई है। जबकि दिल्ली में नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए मरीजों की संख्या 6 हो गई है। हालांकि एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती एक मरीज स्वस्थ हो चुका है और उसे अस्पताल से छुट्टी भी दी जा चुकी है। 

वहीं उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में विदेशों से आए 130 यात्री लापता हो गए हैं। जिस वजह से यूपी में omicron वेरिएंट के फैलाव का खतरा मंडरा रहा है। मुरादाबाद प्रशासन ने मीडिया को बताया कि लापता हुए इन लोगों ने अपने गलत फोन नंबर दर्ज कराए थे। जिस वजह से इन्हें ढूंढने में दिक्कत आ रही है। हालांकि प्रशासन लगातार इन लोगों को ढूंढने में जुटा हुआ है।