वक़्त है बदलाव का, हरियाणा जैसी भगदड़ पूरे देश में होने जा रहा है: कांग्रेस

हरियाणा की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है...यह सब जो हो रहा है उसी के दबाव में हो रहा है: दीपेंद्र हुड्डा

Updated: Mar 12, 2024, 04:42 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे से जुड़े घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि हरियाणा जैसी स्थिति पूरे देश में उत्पन्न होने वाली है। वहीं, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कहा कि जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, ‘वक़्त है बदलाव का। जो भगदड़ आज हम हरियाणा में देख रहे हैं, वो किसान, नौजवान व पहलवान के दबाव में हो रही है और यही देश में भी होने जा रहा है।’

वहीं, सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में जो हो रहा है वो जनभावना के दबाव में हो रहा है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘हरियाणा की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है...यह सब जो हो रहा है उसी के दबाव में हो रहा है।’

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को हरियाणा में लगातार झटका लग रहा है। हिसार से भाजपा सांसद के कांग्रेस के शामिल होने के दो दिन बाद ही राज्य में बीजेपी-जेजेपी गठबंधन टूट गया। डैमेज कंट्रोल के लिए अब भाजपा को अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ रहा है। मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को अपना इस्तीफा दे दिया अब उनके जगह सांसद नायब सिंह सैनी को भाजपा मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव भी होने वाला है। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि सीएम बदलकर एंटी इनकंबेसी को खत्म किया जा सकता है।