जयपुर में Omicron से संक्रमित नौ लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव, अस्पताल से मिली छुट्टी

Omicron से संक्रमित सभी मरीज़ RUHS अस्पताल में भर्ती किए गए थे, रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है

Publish: Dec 10, 2021, 02:41 AM IST

जयपुर। Omicron वेरिएंट के संबंध में एक राहत भरी खबर सामने आई है। राजस्थान के जयपुर में कोरोना के नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए सभी लोगों ने संक्रमण को मात दे दी है। Omicron से संक्रमित पाए गए सभी नौ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिससे बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं पुणे में भी omicron से संक्रमित एक अन्य व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आई है। शनिवार को उसे भी अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

हाल ही में जयपुर में एक साथ नौ लोगों में omicron वेरिएंट की पुष्टि हुई थी। इन मरीजों को जयपुर के RUHS अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां लगभग पांच दिन बिताने के बाद सभी लोगों ने omicron से पार पा लिया। Onicron से छुटकारा मिलने के बाद सभी लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। लेकिन उन्हें सात दिन के लिए क्वारंटीन रहने की हिदायत दी गई है। 

बीते 5 दिसंबर को जयपुर में एक साथ नौ लोगों के omicron से संक्रमित मिलने पर हड़कंप मच गया था। 34 संदिग्ध लोगों में से 25 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। नए वेरिएंट से संक्रमित चार लोग हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। वहीं उनके पांच रिश्तेदार भी कोरोना के नए वेरिएंट की चपेट में आ गए थे। 

अब तक भारत में Omicron वेरिएंट के कुल 23 मामले सामने आए हैं। जयपुर के अलावा महाराष्ट्र में अब तक कुल दस लोगों के Omicron की चपेट में आने की पुष्टि हुई है। वहीं दिल्ली और गुजरात में एक एक व्यक्ति Omicron से संक्रमित हो चुके हैं। जबकि कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दो लोग omicron से संक्रमित हो चुके हैं। दो दिसंबर को भारत में सबसे पहले omicron के दो मामलों की पुष्टि बेंगलुरु में ही हुई थी।