जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान आज, महाराष्ट्र-झारखंड पर सस्पेंस
जम्मू-कश्मीर में 2014 के बाद अब तक चुनाव नहीं हुए हैं। 2019 में आर्टिकल 370 हटने के बाद से यहां राष्ट्रपति शासन था।

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं। बताया जा रहा है कि जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान आज किया जाएगा। वहीं, झारखंड और महाराष्ट्र चुनाव के तारीखों का ऐलान होगा या नहीं इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक चुनाव आयोग की टीम ने महाराष्ट्र और झारखंड का दौरा अब तक नहीं किया है। ऐसे में महाराष्ट्र और झारखंड की चुनाव तारीखों का कुछ क्लियर नहीं है। इन राज्यों के चुनाव तारीखों का ऐलान बाद में संभव है। इसके अलावा देश के कुछ राज्यों में विधानसभा उपचुनाव होने हैं। वायनाड लोक सभा का उपचुनाव भी होना है।
निर्वाचन आयोग ने दोपहर करीब तीन बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए मीडिया को आमंत्रण दिया है, लेकिन यह नहीं बताया कि किन राज्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। हरियाणा और महाराष्ट्र की विधानसभाओं का कार्यकाल 3 नवंबर और 26 नवंबर को खत्म हो रहा है। जबकि झारखंड का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है।
निर्वाचन आयोग की जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव 30 सितंबर से पहले कराने की योजना है। यह समय सीमा उच्चतम न्यायालय ने तय की है। आयोग ने चुनाव संबंधी तैयारियों का जायजा लेने के लिए हाल में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा का दौरा किया था, लेकिन उसने महाराष्ट्र और झारखंड का दौरा अभी तक नहीं किया है।
बता दें कि 11 दिसंबर 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को जम्मू-कश्मीर में 30 सितंबर 2024 तक विधानसभा चुनाव कराने का निर्देश दिया था। कोर्ट का ये निर्देश जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसले का हिस्सा था।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा जितना जल्दी हो सके दिया जाए और वहां पर चुनाव कराए जाएं। जम्मू-कश्मीर को जल्द से जल्द स्टेटहुड वापस की जाए। लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश (UT) बनाने का फैसला सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा था।