झारखंड चुनाव: JMM ने की मुख्य निर्वाचन अधिकारी को हटाने की मांग, BJP के पक्ष में काम करने का आरोप
झामुमो ने केंद्रीय निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार और दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को हटाने की मांग की है।
रांची। झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार और दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को हटाने की मांग की है। झामुमो ने आरोप लगाया कि ये अधिकारी भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं।
झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गिरिडीह पुलिस ने मंडल मुर्मू और कुछ अन्य लोगों को ले जा रहे एक वाहन को रोका। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। मंडल मुर्मू झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावकों में से एक हैं। सोरेन ने बरहेट विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार और दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गिरिडीह प्रशासन पर अनुचित दबाव डाला था। भट्टाचार्य ने दावा किया कि यह आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है और उन्होंने निर्वाचन आयोग से मामले की जांच करने का आग्रह किया।
उन्होंने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि झारखंड में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ आईपीएस अधिकारी संजय आनंद लाठकर और एवी होमकर को भी उनके चुनावी कर्तव्यों से मुक्त किया जाए। बता दें कि झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए 13 नवंबर और 20 नवंबर को चुनाव होने हैं।