Karnataka Results: रुझानों में बढ़त के साथ ही AICC मुख्यालय में जश्न शुरू, ढोल नगाड़ों के साथ भांगड़ा कर रहे कार्यकर्ता

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना शुरू हो गई है। अब तक आ रहे रुझानों में कांग्रेस पार्टी बहुमत के पार जाती दिख रही है।

Updated: May 13, 2023, 09:16 AM IST

नई दिल्ली। कर्नाटक में वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस पार्टी बहुमत के पार जाती दिख रही है। रुझानों में कांग्रेस की बढ़त के बाद से पार्टी दफ्तर में जश्न का माहौल है। दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर से भी जश्न की तस्वीरें सामने आई है। यहां कांग्रेस कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के साथ भांगड़ा कर रहे हैं।

शुरुआती रुझान सामने आने के बाद कांग्रेस ने राज्य में स्थिर सरकार देने का वादा किया है। कर्नाटक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सलीम अहमद ने कहा है कि हमें विश्वास है कि हम 130 सीटों को पार करेंगे और कर्नाटक में एक स्थिर सरकार बनाएंगे। कर्नाटक के लोग कांग्रेस की सरकार चाहते हैं, वे देश की सबसे भ्रष्ट सरकार को बदलना चाहते हैं।

बता दें कि शुरुआती रुझानों में कांग्रेस 119, भाजपा 80 और जेडीएस 20 सीटों पर आगे चल रही है। इससे पहले कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने त्रिशंकु विधानसभा की संभावना को खारिज करते हुए पार्टी के 141 सीटें जीतने और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का भरोसा जताया था। उन्होंने कहा, ‘हर घर के लोग यहां कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार थे और उन्होंने चुनाव लड़ा।’ शिवकुमार ने कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र में अपने मतदाताओं को धन्यवाद दिया।

बता दें कि कर्नाटक की सभी 224 सीटों पर 10 मई को वोटिंग हुई थी। राज्य में 72.67 फिसदी मतदान हुआ था। नतीजों से पहले एग्जिट पोल में भी कांग्रेस को सबसे बड़ी पार्टी बताया गया था। शुरुआती रुझान एग्जिट पोल के नतीजों को सही साबित कर रहे हैं।