26 नवंबर को भोपाल में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की तैयारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस 26 नवंबर को भोपाल में संविधान दिवस पर संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इसमें राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। पार्टी एक लाख लोगों को जुटाएगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। पार्टी राजधानी भोपाल में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी। इस आयोजन में प्रदेशभर से करीब एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। मार्च में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उनके दौरे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेश में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान को भी तेज करेगी। इसके तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर वोट रक्षकों की नियुक्ति कर मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन कराया जाएगा।
दरअसल, कांग्रेस ने पहले 25 और 26 नवंबर को दिल्ली में 'दिल्ली चलो' कार्यक्रम के तहत बड़ा प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। इसके लिए मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की तैयारी चल रही थी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कम से कम दो बसें भेजने का लक्ष्य रखा गया था। भोपाल में इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया था। हालांकि, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने 15 नवंबर को सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को नए कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दिल्ली का कार्यक्रम स्थगित करने और 26 नवंबर को सभी राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकालने के निर्देश दिए। मध्य प्रदेश में यह आयोजन भोपाल में होगा।
यह भी पढ़ें:CG: बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर फूटा Gen Z छात्रों का गुस्सा, 8 किमी पैदल चलकर बीईओ से मिलने पहुंचे
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के मुताबिक, संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की किसी प्रमुख प्रतिमा से की जाएगी। यहां संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे और संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे। इसके बाद मार्च किसी अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक पहुंचेगा। कार्यक्रम की तैयारियों और भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों और पार्टी के विभिन्न विभागों को सौंपी गई है।
संविधान रक्षा मार्च से पहले कांग्रेस 22 नवंबर से प्रदेश में 'वोट रक्षक अभियान' शुरू करेगी। इसके तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। इनमें बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), बूथ समिति के सदस्य, युवा और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता शामिल होंगे। इनकी जिम्मेदारी मतदाता सूची से हटाए गए नामों का भौतिक सत्यापन करना और संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर नाम हटाए जाने की जानकारी जुटाना होगा।
पार्टी ने 22 से 30 नवंबर तक बूथ स्तर पर सत्यापन का कार्यक्रम तय किया है। वोट रक्षक अपनी जांच से जुड़ी जानकारी प्रतिदिन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करेंगे। मंडल अध्यक्ष इस पूरी प्रक्रिया की रोजाना निगरानी करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटियां प्राप्त जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजेंगी और प्रदेश स्तर से इसकी रिपोर्ट पार्टी के केंद्रीय वॉर रूम तक पहुंचेगी। कांग्रेस ने इस अभियान से आम नागरिकों को भी जोड़ने की योजना बनाई है।
यह भी पढ़ें:भोपाल मास्टर प्लान 2047 की सुनवाई में हंगामा, रिटायर्ड IAS कविंद्र से भिड़े भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा
मतदाता सूची के सत्यापन के बाद कांग्रेस 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' चौपाल आयोजित करेगी। इन चौपालों में मतदाता सूची से नाम हटाए गए लोगों, बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। चारपाई बैठक के प्रारूप में होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं और सत्यापन के दौरान सामने आए तथ्यों पर चर्चा की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित होने वाली चौपालों में शामिल होंगे।
कांग्रेस ने अभियान की निगरानी के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों का कार्यकाल भी 15 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। पार्टी ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, बूथ सत्यापन और चौपालों की गतिविधियों को सोशल मीडिया पर साझा करने के निर्देश दिए हैं।
इस तरह 26 नवंबर का संविधान रक्षा मार्च कांग्रेस के लिए केवल एक दिन का राजनीतिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि इसके जरिए पार्टी प्रदेशभर में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और मतदाता सूची में गड़बड़ियों के मुद्दे को जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।




