MP: अनूपपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की भिड़ंत में 3 लोगों की मौत और 4 घायल
अनूपपुर जिले में मंगलवार दोपहर खोडरी गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे और दो युवकों की मौत हो गई।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार दोपहर दो बाइकों की आमने सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे में दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना खोडरी गांव के जर्राटोला पंचायत स्थित आरोग्यधाम मंदिर के पास हुई। सभी घायलों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर छतई गांव के रहने वाले कुमान सिंह अपनी पत्नी ज्योति अगरिया (30) और तीन बच्चों के साथ सवार थे। परिवार पिपरटोला से अपने गांव छतई लौट रहा था। तीन बच्चों में एक बच्चा उनके रिश्तेदार का था। दूसरी बाइक पर निमहा गांव के दो सगे भाई हंसराज सिंह गोंड़ और रामसिंह गोंड़ (पिता जयपाल) जा रहे थे।
यह भी पढ़ें:भोपाल मास्टर प्लान 2047 पर फूटा 78 गांवों के किसानों का गुस्सा, तहसील कार्यालय में जलाया ड्राफ्ट
बताया जा रहा है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थी। आरोग्यधाम मंदिर के पास दोनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे थे। हादसे में कुमान सिंह और रामसिंह गोंड़ समेत एक बच्चे की जान चली गई। इनमें एक युवक और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। एसपी अंकित सोनी ने बताया कि दुर्घटना में कुमान सिंह की पत्नी ज्योति अगरिया, निमहा निवासी हंसराज सिंह गोंड़ और दो बच्चे घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज किया गया। एक बच्चे को छोड़कर बाकी तीन गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, घायलों की हालत गंभीर है और वे फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें:धोनी ने IPL से लिया संन्यास, CSK ने बनाया मेंटर, अब खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करेंगे कैप्टन कूल




