असम के काजीरंगा में मिनी बस और ट्रक की भीषण टक्कर, 24 यात्रियों की मौत, बस काटकर निकाले गए शव

असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई है।

Updated: Nov 13, 2026, 07:33 PM IST

असम के काजीरंगा में शुक्रवार को मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच हुई आमने सामने की भिड़ंत में 24 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मिनी बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसके अंदर फंस गए। बचाव दल को शवों को बाहर निकालने के लिए बस का हिस्सा काटना पड़ा था। असम सरकार के मंत्री और बोकाखाट के विधायक अतुल बोरा ने हादसे में 24 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

पुलिस के मुताबिक, मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि बस तेज रफ्तार में थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था। जिसके बाद सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। बस में कुल कितने यात्री सवार थे इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें:MP: अमूल के बाद सांची के दूध 4 रुपए लीटर तक महंगे, 14 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें

हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। टक्कर में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत वाले यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन के खिलाफ पहले भी यातायात नियमों के उल्लंघन के 12 चालान जारी किए जा चुके थे। इनमें से 38,500 रुपए का जुर्माना जमा किया गया था। जबकि, 4,000 रुपए का एक चालान अब भी बकाया था। यह जुर्माना कमर्शियल वाहनों की ओवरस्पीडिंग से संबंधित बताया गया है।

यह भी पढ़ें:MP: हैकिंग से बचने के लिए ऑफलाइन किए गए 22 सरकारी वेबसाइट, PHP सर्वर हो रहा अपडेट

केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, असम में 2020 से 2024 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में 15,306 लोगों की जान गई है। साल 2024 में सबसे ज्यादा 3,351 मौतें दर्ज की गई थी। इससे पहले साल 2023 में 3,296 और 2022 में 2,994 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई थी। यह आंकड़े राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की गंभीर स्थिति को दर्शाते हैं।