इंदौर-हैदराबाद फ्लाइट में भांग खाकर चढ़ा शख्स, हवा में खोलने लगा प्लेन का इमरजेंसी दरवाजा

पुलिस ने बताया कि एयरलाइन कर्मचारियों की गई शिकायत के आधार पर 29 साल के पैसेंजर को गिरफ्तार किया गया।

Updated: May 26, 2024, 08:01 PM IST

इंदौर से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास करने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय यात्री ने फ्लाइट में चढ़ने से पहले कथित तौर पर 'भांग' का सेवन किया था। पुलिस के अनुसार यात्री ने एयरलाइन कर्मचारियों के साथ बहस भी की थी।

यह घटना 21 मई को हुई लेकिन शुक्रवार को सामने आई। इंडिगो एयरलाइन ने एक आधिकारिक बयान में घटना के बारे में जानकारी दी। कंपनी ने कहा, 'इंदौर से हैदराबाद की फ्लाइट संख्या 6ई 511 में यात्रा कर रहे एक यात्री ने 21 मई, 2024 को नशे की हालत में टेक ऑफ से पहले इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलने की कोशिश की। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के अनुसार, यात्री को क्रू द्वारा यात्रा करने के अयोग्य घोषित कर दिया गया और अराइवल पर स्थानीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। किसी भी समय फ्लाइट की सुरक्षा से समझौता नहीं किया गया। अन्य यात्रियों को हुई किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है।'

सूत्रों के मुताबिक जब फ्लाइट इंदौर से रवाना हुई, तो क्रू ने उस व्यक्ति के असामान्य व्यवहार को देखा और उसे दूसरी सीट पर बिठा दिया। थोड़ी देर बाद, उसने अपने दो दोस्तों के पास बैठने की जिद की, जिनके साथ वह तीर्थयात्रा पर इंदौर गया था। क्रू के नरम पड़ने के बाद उसने कुछ समय तक सामान्य व्यवहार किया लेकिन बाद में एक यात्री के साथ दुर्व्यवहार किया। राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इंस्पेक्टर के. बालारा मुताबिक, 'चेतावनी के बावजूद जब विमान हवा में था तो वह यात्री बिना किसी कारण के गलियारे में घूम रहा था। जब पायलट फ्लाइट को लैंड कराने की तैयारी कर रहे थे, उसी वक्त वह इमरजेंसी गेट खोलने के लिए बढ़ा।' 

यात्री के अजीबोगरीब व्यवहार को देखने के बाद एयरलाइन स्टाफ और कुछ सह-यात्रियों ने उसे दरवाजा खोलने से रोकने की कोशिश की। गाजूलारामाराम के चंद्रगिरिनगर निवासी आरोपी अनिल पाटिल अपने दोस्तों के साथ मध्य प्रदेश के उज्जैन गया था। आरजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, पाटिल कथित तौर पर 'स्वास्थ्य समस्याओं' से पीड़ित है और उसकी मेडिकल रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। इसे ध्यान में रखते हुए उसे जमानत दी गई।