मोदी जी ने BJP को चुनाव जीतने वाली मशीन बना दिया, दैवीय शक्ति के बिना ये संभव नहीं: राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने एक पुस्तक विमोचन के दौरान पीएम मोदी के शासन और संगठनात्मक क्षमताओं की तारीफ की और कहा कि समकालीन राजनीति में उनका कोई समानांतर नहीं है

Updated: Aug 30, 2022, 12:05 PM IST

नई दिल्ली। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी की जमकर तारीफें की। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने भाजपा को चुनाव जीतने वाली मशीन बना दिया है। समकालीन राजनीति में उनका कोई समानांतर नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी कि क्षमताओं को लेकर कहा कि यह किसी दैवीय शक्ति के बिना संभव नहीं है।

दरअसल, राजनाथ सिंह सोमवार को वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह द्वारा लिखी पुस्तक ‘द आर्किटेक्ट ऑफ द न्यू बीजेपी: हाउ नरेंद्र मोदी ट्रांसफॉर्म द पार्टी' के विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की तारीफों के जमकर पुल बांधे। राजनाथ ने कहा कि महात्मा गांधी के बाद इस देश के जनमानस की मनोदशा समझने वाला यदि कोई इकलौता नेता है तो उसका नाम है नरेन्द्र मोदी। पीएम मोदी सीधे उन लोगों से जुड़ते हैं जो उन पर भरोसा करते हैं।

राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, 'नरेंद्र मोदी ने विचारधारा से समझौता किए बिना अपने इनोवेशन की मदद से भाजपा को चुनाव जीतने वाली मशीन बना दिया है। सांगठनिक क्षमता, जनता से जुड़ाव और उनकी मुश्किलों की जमीनी समझ की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं। कुछ लोग मोदी की काट ढूंढ रहे हैं लेकिन उन्हें यह मिल नहीं रही है। जनता से जुड़े रहिए, सफलता आपके कदम चूमेगी... यह प्रधानमंत्री मोदी का मूलमंत्र है।'

यह भी पढ़ें: लगता है सत्ता में नशे में डूब गए हो, अन्ना हजारे ने दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को लताड़ा

केंद्रीय मंत्री इतने पर नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि, 'नरेंद्र मोदी के पास जो सांगठनिक क्षमता है, वह किसी दैवीय शक्ति के बिना संभव नहीं है। जनता से जुड़ाव, उससे संवाद, देश की नब्ज पर मजबूत पकड़, आमजन की मुश्किलों की जमीनी जानकारी से उनकी लोकप्रियता ने देश ही नहीं दुनिया में सभी नेताओं को पछाड़ दिया है। आज वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने हुए हैं। अमेरिकी कंपनी ‘द मार्निंग कंसल्ट' के एक सर्वे में पता चला कि मोदी ने लोकप्रियता में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और ब्रिटिश प्रधानमंत्री सहित दुनिया के 12 प्रमुख राष्ट्राध्यक्षों को पीछे छोड़ दिया है।'

सिंह ने आगे कहा कि, 'पीएम मोदी का जनता से एक भावनात्मक रिश्ता बन गया है। उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में कुछ राज्यों में ही एनडीए गठबंधन की सरकार थी। आज इसका विस्तार 16 राज्यों तक हो गया है। इस वक्त पूरे देश में 1300 से ज्यादा विधायक और 400 से ज्यादा भाजपा के सांसद हैं। सबका साथ–सबका विकास, सबका विश्वास–सबका प्रयास'' का प्रधानमंत्री का आह्वान कोई जुमला नहीं है, असल में वह इसी मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं।'