मुंबई में म्यूजिक कंपनी के CEO का बंदूक की नोक पर अपहरण, शिंदे गुटे के MLA के बेटे के खिलाफ हुई FIR

शिवसेना शिंदे गुट के एक विधायक के बेटे पर 10 से 12 अन्य लोगों के साथ एक संगीत कंपनी के सीईओ को उसके गोरेगांव कार्यालय से अपहरण करने का आरोप लगा है।

Updated: Aug 11, 2023, 08:44 AM IST

मुंबई। मुंबई में एक म्यूजिक कंपनी के सीईओ का बंदूक की नोक पर अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शिवसेना शिंदे गुट के एक विधायक के बेटे ने बंदूक की नोक पर व्यापारी को अगवा कर लिया। मामला सामने आने से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि गोरेगांव पूर्व क्षेत्र से फिरौती के लिए एक व्यापारी राजकुमार सिंह का अपहरण करने के आरोप में शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक प्रकाश सुर्वे के बेटे राज सुर्वे समेत 5 आरोपियों को नामजद किया है। वहीं, 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि मुंबई के गोरेगांव में ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन ऑफिस में करीब 10 से 15 लोग अचानक से पहुंच गए और म्यूजिक कंपनी के सीईओ राजकुमार सिंह का अपहरण कर लिया। एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज ऑनलाइन सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर कुछ लोग कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते और एक व्यक्ति को जबरन अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित राजकुमार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि कुछ लोग उनके कार्यालय में घुस आए और दहिसर में विधायक प्रकाश सुर्वे के कार्यालय ले गए। जहां विधायक के बेटे राज सुर्वे और अन्य लोग मौजूद थे। इन लोगों ने बंदूक दिखाकर पटना के मनोज मिश्रा को दिए गए बिजनेस लोन को चुकाने के लिए दबाव डाला। बाद में इस बारे में किसी से बात न करने की भी धमकी दी।

उन्हें धमकी दी गई कि अगर उसने पुलिस से शिकायत की तो उसे मनी लॉन्ड्रिंग और रेप के मामले में फंसा दिया जाएगा। इस घटना को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शिंदे खेमे पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि गद्दार गैंग के नवरत्न।