लखनऊ। लोकसभा चुनाव के नतीजों ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को सबसे बड़ा झटका दिया है। यहां INDIA गठबंधन को शानदार कामयाबी मिली है। इंडिया गठबंधन को यहां 43 सीटें मिली हैं। वहीं, बीजेपी 33 सीटों पर ही सिमट गई। नतीजों के बाद कांग्रेस महासिचव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम एक भावुक संदेश लिखा है।
प्रियंका गांधी ने अपने एक्स हैंडर पर लिखा, 'यूपी कांग्रेस के मेरे सभी साथियों को मेरा सलाम। मैंने आपको धूप और धूल में कड़ी मेहनत करते हुए देखा, आप झुके नहीं, आप रुके नहीं, कठिन से कठिन दौर में आपने लड़ने की हिम्मत दिखाई। आपको प्रताड़ित किया गया, आप पर फर्जी मुकदमे लगाए गए, जेल में डाला गया, बार-बार नजरबंद किया गया मगर आप डरे नहीं। कई नेता डर के चले गये, आप टिके रहे।'
कांग्रेस महासिचव ने कहा कि मुझे गर्व है आप पर और यूपी की जागरूक जनता पर, जिसने इस देश की गहराई और सच्चाई को समझा और हमारे संविधान को बचाने का ठोस संदेश पूरे भारत को दिया।
उन्होंने आगे लिखा कि आपने आज की राजनीति में एक पुराना आदर्श फिर से स्थापित किया है- कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं, इनको नकारने की कीमत भारी होती है। चुनाव जनता का है, जनता ही लड़ती है, जनता ही जीतती है।