युवती को ज़िंदा जलाने वाले की ख़ुद उसी आग में जलकर मौत, लड़की की हालत भी नाज़ुक

मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट की वारदात, विजय कांबले ने भाभी की बहन को ज़िंदा जलाने की कोशिश की, जल रही युवती ने विजय को पकड़कर उसे भी जला डाला, युवती फ़िलहाल अस्पताल में मौत से जूझ रही है

Updated: Feb 08, 2021, 11:53 AM IST

Photo Courtesy : India Today
Photo Courtesy : India Today

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आयी है। मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट में रहने वाली एक लड़की को उसके बहन के देवर ने जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की, लेकिन उसी आग में खुद झुलसकर मर गया। आरोप है कि विजय कांबले नाम का शख्स लड़की को जिंदा जलाने के बाद खड़ा होकर उसकी मौत का तमाशा देख रहा था। तभी पीड़ित लड़की ने उसे पकड़ लिया, जिससे वो भी आग की चपेट में आ गया। इस तरह विजय जिस आग में लड़की को जलाकर मारना चाहता था, उसी में जलकर खुद उसकी मौत हो गई। हालांकि पीड़ित लड़की भी बुरी तरह झुलस चुकी है और अस्पताल में भर्ती है। 

दरअसल, इस पूरे मामले में यह बात निकल कर सामने आ रही है कि विजय अपनी भाभी की बहन से शादी करना चाहता था। लेकिन उसकी शराब की लत, दूसरी बुरी आदतों और बेरोज़गारी की वजह से लड़की और उसके घर वालों ने शादी के लिए मना कर दिया था। लेकिन विजय मानने को तैयार नहीं था। उसने शादी के लिए बार-बार दबाव बनाने की कोशिश की। यहां तक कि लड़की ने परेशान होकर खुदकुशी करने का प्रयास भी किया। हाल ही में लड़की अस्पताल से डिस्चार्ज होकर आई थी।

इसके बाद 5 फरवरी को विजय जोगेश्वरी ईस्ट स्थित लड़की के घर जा पहुंचा। लड़की के घर में उस समय और कोई नहीं था। मौका पाकर विजय ने लड़की को आग के हवाले कर दिया और पास ही खड़ा होकर उसे जलता हुआ देखता रहा। तभी आग में जल रही पीड़िता ने आरोपी को जकड़ लिया, जिससे वो भी उसी आग में जल गया। 

इस बीच पड़ोस में रहने वाले लोग शोर सुनकर वहां पहुंचे और आग बुझाकर दोनों को नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाया। लेकिन तब तक लड़की का शरीर 80 फीसदी और लड़के का 90 फीसदी तक जल गया था। इसके बाद डॉक्टरों ने दोनों को जेजे अस्पताल रेफर कर दिया, जहां लड़के की मौत हो गई। पीड़ित लड़की अब भी अस्पताल में मौत से लड़ रही है।