पद्म पुरस्कारों का ऐलान, मध्य प्रदेश के माच कलाकार ओमप्रकाश शर्मा समेत 34 हस्तियों को पद्मश्री

इस साल के पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया गया है। इस सूची में ज्यादातर अनसंग हीरोज शामिल हैं। ये वो लोग हैं जो साधारण जीवन जीकर समाज में बड़ा योगदान कर रहे हैं और सरकार में उनके इस योगदान को पहचान दी है।

Updated: Jan 25, 2024, 11:45 PM IST

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सरकार ने पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया। इस साल 34 हस्तियों को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है। लिस्ट में असम की रहने वाली देश की पहली महिला महावत पार्वती बरुआ, हेमचंद मांझी (वैद्यराज मांझी) और पूर्वी सियांग की हर्बल मेडिसीन एक्सपर्ट यानुंग जमोह लेगो का नाम शामिल है।

मध्य प्रदेश के पंडित ओमप्रकाश शर्मा को साल 2024 के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाएगा। पंडित ओम प्रकाश शर्मा को भारत में माच लोक रंगमंच का चेहरा माना जाता है। उन्होंने मालवी भाषा में माच के लिए कई नाटक लिखे। उन्होंने थिएटर प्रस्तुतियों के लिए संगीत भी तैयार किया। इस लोक कला में युवा कलाकारों को प्रशिक्षण भी दिया।

पंडित शर्मा ने अपनी जिंदगी के 70 साल मालवा की 200 साल पुरानी इस पारंपरिक लोक नृत्य नाटिका को दिए हैं। वे माच के उस्ताद कालूराम स्कूल से हैं। उस्ताद कालूराम उनके दादा थे। पंडित ओमप्रकाश शर्मा बचपन से ही माच लोक कला का अभ्यास करते रहे हैं।