मृतक किसानों के अंतिम अरदास में शामिल होंगी प्रियंका गांधी, लखीमपुर के लिए होंगी रवाना

प्रियंका गांधी के दोपहर बारह बजे के आसपास लखीमपुर खीरी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, प्रियंका गांधी के अलावा जयंत चौधरी भी आज लखीमपुर पहुंच सकते हैं

Publish: Oct 12, 2021, 02:25 AM IST

लखनऊ। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आज एक बार फिर लखीमपुर खीरी जाने वाली हैं। आज दोपहर प्रियंका गांधी लखीमपुर पहुंच सकती हैं। प्रियंका मृतक किसानों के अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए लखीमपुर खीरी जा रही हैं। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका गांधी आज दोपहर बारह बजे से एक बजे के आसपास लखीमपुर पहुंच सकती हैं। प्रियंका गांधी के साथ साथ यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय लल्लू सहित अन्य कांग्रेस नेता भी लखीमपुर के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस नेताओं के साथ साथ राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी भी अंतिम अरदास में शामिल होने लखीमपुर जाने वाले हैं।

दरअसल लखीमपुर खीरी में एक गुरुद्वारे में मृतक किसानों की अंतिम अरदास का आयोजन किया जाना है। यह आयोजन संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से किया गया है। मृतक किसानों के अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड के कई किसानों के पहुंचने की संभावना है। किसान नेता राकेश टिकैत भी अंतिम अरदास के लिए लखीमपुर खीरी पहुंच सकते हैं। 

हालांकि संयुक्त मोर्चा की तरफ से कहा गया है कि किसी भी राजनीतिक दल के नेता को मंच साझा करने नहीं दिया जाएगा। लेकिन जिस तरह से कांग्रेस और विशेषकर प्रियंका गांधी ने मृतक किसानों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ी है, उससे देश भर में पीड़ित और शोषित किसानों को प्रियंका गांधी के रूप एक नई आवाज़ मिली है।