कृषि कानूनों के खिलाफ आज गहलोत पायलट साथ मिलकर देंगे धरना
कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं को गहलोत ने धरना में शामिल होने के लिए पत्र भी लिखा है, यह धरना जयपुर के शहीद स्मारक पर होगा

जयपुर/नई दिल्ली। केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ राजस्थान कांग्रेस धरना देने जा रही है। यह धरना जयपुर के शहीद स्मारक में दिया जाएगा। कांग्रेस के धरने में कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक व नेताओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में अब तक एक दूसरे की मुखालिफत करने वाले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट मिलकर आज कृषि कानूनों की मुखालिफत करेंगे।
पिछले 5 महीने में यह पहली बार होगा जब सचिन पायलट और अशोक गहलोत एक ही मंच पर दिखेंगे। लेकिन दोनों के बीच दूरियां खत्म हुईं है या नहीं?, यह अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है।
सचिन पायलट के अलावा राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद डोटासरा भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस धरने को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी विधायकों और नेताओं को बाकायदा पत्र भी लिखे हैं। धरना देने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर पार्टी के सभी नेताओं को डिनर पर बुलाया गया है। ऐसे में गहलोत के इस डिनर में सचिन पायलट जाएंगे या नहीं?, यह देखना भी काफी दिलचस्प होगा।