राज्यसभा नामांकन के लिए जयपुर पहुंचीं सोनिया गांधी, गहलोत बोले- राजस्थान से है उनका पुराना रिश्ता

सोनिया गांधी राजस्थान विधानसभा में सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगी। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की खाली हो रही सीट पर अब सोनिया गांधी राज्यसभा जाएंगी।

Updated: Feb 14, 2024, 10:18 AM IST

जयपुर। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन के लिए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुबह करीब 9 बजे जयपुर पहुंचीं हैं। उनके साथ राहुल और प्रियंका गांधी भी आए हैं। सोनिया गांधी राजस्थान विधानसभा में सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगी। 

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की खाली हो रही सीट पर अब सोनिया गांधी राज्यसभा जाएंगी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के प्रस्तावक पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ विधायक होंगे।

राजस्थान कांग्रेस के सभी विधायक भी जयपुर पहुंच गए हैं। दो दिन सभी विधायकों को जयपुर रहने को कहा है। नामांकन फॉर्म भरकर सेट तैयार कर लिए गए हैं। नामांकन फॉर्म के साथ 10-10 विधायकों के प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर हस्ताक्षर करवाए गए हैं।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के जयपुर से राज्यसभा नामांकन दाखिल करने पर राजस्थान के पूर्व सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान से उनका पुराना रिश्ता है। गहलोत ने कहा कि वह किसी भी राज्य में जा सकती थीं और राज्यसभा सदस्य बन सकती थीं, लेकिन अगर उन्होंने राजस्थान को चुना है, तो यह खबर दुनिया भर में जाएगी कि सोनिया गांधी ने राजस्थान चुना है। 

पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान की चर्चा पूरे देश और दुनिया भर में होगी...इतना अनुभवी कोई व्यक्ति यहां अपना नामांकन दाखिल करने आ रहा है। आप कल्पना कर सकते हैं कि हम सब कितने गौरवान्वित हैं। एनडीए सरकार भी अब सतर्क हो जायेगी।