देश में हर तरफ अविश्वास का माहौल, इन हालात में सभी को एक साथ जोड़ना जरूरी: दिग्विजय सिंह

फाइनेंशियल एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि, "देश में संवैधानिक संस्थाओं की स्थिति चिंताजनक है। एक खास वर्ग को टारगेट किया जा रहा है, लिंचिंग की जा रही है, बलात्कारियों को मालाएं पहनाई जा रही हैं।"

Updated: Sep 07, 2022, 04:00 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस बुधवार को कन्याकुमारी से "भारत जोड़ो यात्रा" की शुरुआत करने जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने इस यात्रा का मकसद बताते हुए कहा कि देश में हर तरफ अविश्वास का माहौल है। इन हालात में सभी को एक साथ जोड़ना जरूरी है।

फाइनेंशियल एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि, 'देश में संवैधानिक संस्थाओं की स्थिति चिंताजनक है। एक खास वर्ग को टारगेट किया जा रहा है, उनकी लिंचिंग की जा रही है, उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। बलात्कारियों को मालाएं पहनाई जा रही हैं। सेंट्रल एजेंसियों का दुरुपयोग जा रहा है। विधायकों को खरीदा और डराया जा रहा है। हर तरफ अविश्वास की स्थिति पैदा हो गई है। इन हालात में देश के सब लोगों को एक साथ जोड़ना जरूरी है। जो भी लोग देश के हालात से चिंतित हैं, उन्हें एक साथ लाना है। कांग्रेस की 7 सितंबर से शुरू हो रही भारत जोड़ो पदयात्रा का यही मकसद है।'

यह भी पढ़ें: कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है, भारत जोड़ो यात्रा देश की आत्मा की रक्षा का एक महान प्रयास है: कमलनाथ

सिंह ने आगे कहा कि, 'देश में अब जैसे हालात पहले कभी नहीं रहे। आर्थिक से लेकर सामाजिक हर मोर्चे पर बिखराव की स्थिति पैदा हो गई है। केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई आसमान छू रही है। गरीब और गरीब हो रहे हैं, अमीर और अमीर हो रहे हैं। आम लोगों पर टैक्स का बोझ बढ़ाया जा रहा है, जबकि कुछ चुनिंदा लोगों को सारा फायदा पहुंचाया जा रहा है।'

कांग्रेस पार्टी में सियासी उथल-पुथल का भारत जोड़ो यात्रा पर असर पूछे जाने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस उथल-पुथल से यात्रा के लिए उत्साह और बढ़ा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में होने जा रही इस पदयात्रा की तैयारी के लिए कई राज्यों के दौरे में उन्हें कांग्रेस के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दिग्विजय सिंह के मुताबिक उन्होंने पार्टी के किसी भी कार्यक्रम के लिए लोगों में इतना उत्साह पहले कभी नहीं देखा।

यह भी पढ़ें: भाजपा छोड़ो यात्रा निकालें नरोत्तम मिश्रा, शिवराज उन्हें सीएम नहीं बनने देंगे: जयवर्धन सिंह ने गृहमंत्री पर साधा निशाना

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हो रही है। 3500 किलोमीटर से ज्यादा लंबी यह पदयात्रा कश्मीर तक जाएगी। राहुल गांधी इस पदयात्रा में पूरे समय शामिल रहेंगे। दिग्विजय सिंह ने बताया कि जो राज्य यात्रा के रूट में शामिल नहीं हैं, वहां स्थानीय स्तर पर यात्राएं निकाली जाएंगी और यात्रियों की टोलियां आकर मुख्य यात्रा में शामिल होंगी। राजस्थान और गुजरात जैसे चुनाव वाले राज्यों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी अलग से जनसंपर्क यात्रा करेंगे।