नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल में जगह बनाने वाली विनेश फोगाट को जमकर बधाइयां दी जा रही हैं। उन्होंने 50 किलोग्राम भार वर्ग का सेमीफाइनल 5-0 से जीत लिया। विनेश ने फाइनल में जगह बनाकर मेडल पक्का कर लिया है। उन्हें बधाइयां देने के क्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला भी किया।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'एक ही दिन में दुनिया की तीन धुरंधर पहलवानों को हराने के बाद आज विनेश के साथ-साथ पूरा देश भावुक है। जिन्होंने भी विनेश और उसके साथियों के संघर्ष को झुठलाया, उनकी नीयत और काबिलियत तक पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए, उन सभी को जवाब मिल चुका है।'
राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'आज भारत की बहादुर बेटी के सामने सत्ता का वो पूरा तंत्र धराशाई पड़ा था जिसने उसे खून के आंसू रुलाए थे। चैम्पियंस की यही पहचान है, वो अपना जवाब मैदान से देते हैं। बहुत शुभकामनाएं विनेश। पेरिस में आपकी सफलता की गूंज, दिल्ली तक साफ सुनाई दे रही है।'
वहीं, उनके साथी बजरंग पुनिया ने ट्विटर पोस्ट विनेश फोगाट भारत की वो शेरनी जिसने आज बैक टू बैक मैच में 4 बार की World Champion और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन को हराया, उसके बाद क्वार्टरफाइनल में पूर्व World Champion को हराया। मगर एक बात बताऊं, ये लड़की अपने देश में लातों से कुचली गई थी। ये लड़की अपने देश में सड़कों पर घसीटी गई थी। ये लड़की दुनिया जीतने वाली है मगर इस देश में सिस्टम से हार गई थी।'