यूपी: आरएलडी के प्रदेश महासचिव रामेंद्र सिंह परमार नही रहे, कोरोना से हुआ निधन

रालोद महासचिव रामेंद्र सिंह परमार का कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया है। रामेंद्र सिंह का इलाज सैफई के मेडिकल कॉलेज में चल रहा था।

Updated: May 25, 2021, 06:27 AM IST

Photo courtesy: ABP
Photo courtesy: ABP

आगरा। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेता प्रदेश महासचिव रामेंद्र सिंह परमार का निधन हो गया है। समर्थकों ने बताया कि रामेंद्र सिंह हफ्तेभर पहले बीमार हुए थे। कोरोना जांच कराने पर उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, उन्हें इलाज के लिए सैफई स्थित मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया। जहाँ उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान अस्पताल में अंतिम सांस ली। रामेंद्र मूल रूप से जगनेर ब्लॉक के गांव कांसपुरा के मूल निवासी थे। 


उन्होंने साल 2002 में खेरागढ़ से समानता दल और 2017 में रालोद की टिकट पर चुनाव लड़ा था। रामेंद्र सिंह के पिता राजेंद्र सिंह जगनेर के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। रामेंद्र सिंह के निधन के बाद उनके समर्थकों में शोक की लहर है।

देश में जानलेवा कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर बरकरार है। हालांकि अब मामले तेजी से घटने लगे हैं। देश में पिछले 24 घंटों में एक लाख 96 हजार 427 नए मामले दर्ज हुए हैं, जो 13 अप्रैल 2021 के बाद से सबसे कम हैं। लेकिन ये खबर ज्यादा राहत देने वाली नहीं है, क्योंकि देश में अब भी रोजाना साढ़े तीन हजार से ज्यादा मौतें हो रही हैं. देश में अबतक कोरोना से 3 लाख 7 हजार 231 लोगों की जान चली गई है।

बता दें, आगरा में पिछले 24 घंटे में 95 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। वहीं, 95 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि रविवार को 30 नए संक्रमित केस मिलने के बाद अब संक्रमितों कि संख्या 25393 हो गई है। जबकि अब तक 24232 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। यह दर 95.43 फीसदी हो गई है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 780 है