संघर्ष जारी रखेंगे, आपकी आवाज़ बुलंद करते रहेंगे, विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बोले राहुल गांधी

हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे: राहुल गांधी

Updated: Oct 09, 2024, 01:27 PM IST

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। तमाम एग्जिट पोल्स, प्री पोल्स और सर्वे एजेंसियां राज्य में कांग्रेस की प्रचंड जीत का दावा कर रही थी। लेकिन असल नतीजों ने सभी को चौंका दिया। कांग्रेस ही नहीं भाजपा के लोगों ने भी इस तरह के नतीजों की कल्पना नहीं की थी। चुनाव नतीजों पर अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में INDIA की जीत संविधान की जीत है, लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है। वहीं, हरियाणा के नतीजों पर कांग्रेस नेता ने कहा कि हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे।

राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए लिखा कि सभी हरियाणा वासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। उन्होंने अंत में लिखा है कि हक़ का, सामाजिक और आर्थिक न्याय का, सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे, आपकी आवाज़ बुलंद करते रहेंगे।

इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की भी प्रतिक्रिया सामने आई थी। खड़गे ने मंगलवार देर शाम एक ट्वीट में लिखा कि हरियाणा का परिणाम अप्रत्याशित है। पार्टी इस जनमत का आकलन कर रही है। हमारे ज़मीनी कार्यकर्ताओं से बात कर, पूरी जानकारी हासिल करने और तथ्यों को जाँच लेने के बाद पार्टी की तरफ़ से विस्तृत प्रतिक्रिया आएगी। हम हरियाणा के लोगों को कांग्रेस पार्टी को वोट देने के लिए आभार व्यक्त करते हैं। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं को निराश होने की ज़रूरत नहीं है। तानाशाही से हमारी लड़ाई लंबी है।