भोपाल के खजूरी इलाके में महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, 3 साल पहले पति से हुआ था तलाक

खजूरी थाना पुलिस ने बताया कि 29 वर्षीय आरती ने मंगलवार सुबह घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। आरती की साल 2015 में सरकारी विवाह सम्मेलन में शादी हुई थी।

Updated: Jan 16, 2024, 03:29 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी के खजूरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का तीन साल पहले पति से तलाक हुआ था। खुदकुशी से पहले महिला ने अपनी शादी का वीडियो देखा था। पुलिस ने महिला के परिजनों की सूचना पर मर्ग दर्ज कर, मामले की जांच शुरू कर दी है।

खजूरी थाना पुलिस ने बताया कि 29 वर्षीय आरती ने मंगलवार सुबह घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। आरती की साल 2015 में सरकारी विवाह सम्मेलन में शादी हुई थी। शादी के दो साल बाद ही पति से विवाद होने लगा था। इसके चलते साल 2020 में महिला का पति से तलाक हो गया था। तभी वह अपने पिता अनोखी लाल के घर खजूरी सड़क इलाके में रह रही थी।

पुलिस के मुताबिक आरती की ससुराल सीहोर में है। जब तलाक हुआ, तब उसका पति सीहोर में खेती करता था। परिजनों ने अपने बयान में बताया है कि आरती ने सोमवार को अपनी शादी का वीडियो देखा था। इसके बाद से ही वह गुमसुम थी। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे आरती को परिजनों ने कमरे में फांसी लगाए हुए देखा। लेकिन, तब उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरती का तीन साल पहले पति के गृह क्लेश के कारण तलाक हो गया था। तलाक के एक साल बाद तक तक सबकुछ ठीक रहा। लेकिन, साल 2022 में आरती को डिप्रेशन की शिकायत हो गई। इस डिप्रेशन ने आरती को मानसिक रूप से बीमार कर दिया, जिसका बीते दो साल से इलाज चल रहा था।