यशवंत सिन्हा या द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आज, 25 जुलाई को होगा शपथग्रहण

देश का 15वां राष्ट्रपति कौन होगा, ये आज तय हो जाएगा, राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान हो चुका है और आज को पूर्वाह्न 11 बजे संसद भवन में मतगणना शुरू होगा

Updated: Jul 21, 2022, 05:01 AM IST

नई दिल्ली। देश का 15वां राष्ट्रपति कौन होगा, ये आज तय हो जाएगा। आज शाम तक राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे सामने आएंगे। संसद भवन में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती सुबह 11 बजे से शुरू होगी। राष्ट्रपति चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए की तरफ से द्रौपदी मुर्मू मैदान में हैं, वहीं विपक्ष की ओर से साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को उतारा गया था। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 4 बजे चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद द्रौपदी मुर्मू से मिलने जाएंगे। बीजेपी चुनाव नतीजे आने से पहले ही द्रौपदी मुर्मू की जीत को लेकर आश्वस्त है। भाजपा ने जश्न की तैयारियां भी शुरू कर दी है। नतीजे सामने आने के बाद दिल्ली बीजेपी द्वारा अभिनंदन यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें कई बड़े नेता शामिल होंगे। जश्न मनाने के लिए पंत मार्ग पर स्थित दिल्ली भाजपा कार्यालय से लेकर राजपथ तक रोड शो किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: नेशनल हेराल्ड केस में आज सोनिया गांधी से पूछताछ करेगी ईडी, देशभर में प्रदर्शन करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में भी जश्न की तैयारियां चल रही हैं। नतीजे आने के बाद वहां मिठाइयां बांटी जाएगी। द्रौपदी मुर्मू यदि जीत जाती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। नए राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे। द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

बता दें कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए लोकसभा और राज्यसभा के साथ-साथ कुल राज्यों के विधानसभा भवन में वोट डाले गए थे। 31 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना के लिए सभी बैलेट बॉक्स दिल्ली लाए गए थे। यहां 11 बजे बैलेट बॉक्स खुलेंगे, जिसके बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी।