Betul MP : दो दुल्हनों के साथ सामाजिक अरेंजमेंट में फंसा दूल्हा

पंचायत ने शादी करायी, तहसीलदार बेख़बर, दूल्हे ने कहा दोनों पत्नियों को खुश रखूंगा

Publish: Jul 12, 2020, 04:28 AM IST

भोपाल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ही मंडप में दूल्हा दो दुल्हनों के साथ, सात फेरे ले रहा है। यह विवाह पिछले महीने की 29 तारीख को हुई थी, लेकिन इसके वीडियो अब वायरल हो रहे हैं। विवाह का वीडियो सामने आने के बाद लोग इसपर तरह-तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं दूल्हे का कहना है की वह दोनों लड़कियों को खुश रखेगा। 

दरअसल, 29 जुलाई 2020 को मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के घोडाडोंगरी तहसील अंतर्गत केरिया गांव में एक लड़के कि शादी एक साथ दो दुल्हन से करवाई गयी थी। इस विवाह में दूल्हा और दोनों दुल्हन के परिजनों के साथ ही पूरे गांव के लोग भी शामिल रहे। बताया जा रहा है कि दूल्हे की एक से लव मैरिज और एक से अरेंज मैरिज हुई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आदिवासी युवक संदीप उइके राजधानी भोपाल में आईटीआई का पढाई कर रहा है। इस दौरान होशंगाबाद की एक युवती से उसकी दोस्ती हो गयी जिसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। वहीं इस दौरान उसके घरवालों ने कोयलारी गांव की एक लड़की से उससे पूछे बिना शादी तय कर दिया। जब परिजनों को लड़के की प्रेम कहानी की जानकारी मिली तो दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गयी।

पंचायत दोनों से शादी करने का निर्णय सुनाया 

विवाद को दूर करने के लिए तीनों पक्षों के लोगों ने मामले को पंचायत तक ले जाने का निर्णय लिया। पंचायत ने यह फैसला लिया कि यदि दोनों लड़कियां संदीप से एकसाथ शादी करने को राजी हैं तो तीनों का शादी एकसाथ करा दिया जाए। इसपर दोनों लड़कियां राजी हो गयीं जिसके बाद एक मंडप में दोनों ने एकसाथ फेरे लिए।

दोनों को खुश रखूंगा 

विवाह के बारे में सवाल पूछे जाने पर संदीप ने स्थानीय मीडिया कर्मियों को कहा कि वह दोनों पत्नियों को खुश रखेगा। मामले पर घोड़ाडोंगरी की तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा का कहना है कि हमने ऐसी किसी शादी की परमिशन नहीं दी है। हम मामले की जांच करा रहे हैं।