सुर्ख़ रंगों से सजी कोरोना देवी की मूर्ति, कोविड से रक्षा के लिए तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई स्थापना

कोयंबटूर में कामचीपुरी अधिनाम मंदिर में 48 दिनों में तैयार हुई कोरोना देवी की मूर्ति, कोविड संक्रमण से मुक्ति के लिए किया जा रहा अनुष्ठान, सुबह शाम विधिपूर्वक होती है पूजा-अर्चना

Updated: May 19, 2021, 02:29 PM IST

Photo courtesy: twitter
Photo courtesy: twitter

कोयंबटूर। तमिलनाडु के कोयंबटूर में कामचीपुर मंदिर परिसर में कोरोना देवी मूर्ति की स्थापना की गई है। यहां कोरोना देवी की ग्रेनाइट की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा भी हुई है और विधि-विधान के साथ सुबह शाम पूजा अर्चना की जा रही है। कोरोना माता को गुलाबी वस्त्र पहनाए गए हैं। दो पुजारी दोनों समय नियमपूर्वक उनकी पूजा करते हैं। हवन, धूपदीप से कोरोना माता की आरती की जाती है। कोरोना माता को कई तरह के फलों का भोग भी लगाया जाता है। साथ ही कोरोना से रक्षा की कामना की जाती है।

स्थानीय लोगों की मानें तो इससे कोरोना की लहर कमजोर होगी। माता कोरोना देवी महामारी की दूसरी लहर में लोगों के प्राणों की रक्षा करेंगी। मंदिर में लोगों की सुरक्षा की कामना की जा रही है।

दरअसल कोरोना का इतना खौफ है कि इंसान इससे बचने और सुरक्षित रहने की हर संभव कोशिश कर रहा है। इसी कड़ी में तमिलनाडु के प्रसिद्ध मंदिर में कोरोना देवी की स्थापना की है।

मंदिर में रोजाना  सुबह और शाम विधि-विधान से कोरोना देवी की पूजा की जा रही है। यह मंदिर तमिलनाडु के कोयंबटूर में कामचीपुरी अधिनाम का मंदिर है। इस मंदिर में कोरोना देवी की मूर्ति को आकार दिया गया है।

ग्रेनाइट के पत्थर को मूर्ति की आकृति दी गई है। गौरतलब है कि कोयंबटूर में प्लेग मरिअम्मन मंदिर भी स्थित है। माना जाता है कि पिछली शताब्दी में जब प्लेग और हैजा महामारी का प्रकोप था, तब प्लेग मरिअम्मन माता ने लोगों के प्राणों की रक्षा की थी। यही वजह है कि कोरोना महामारी के दौरान भी कामचीपुरी अधिनाम द्वारा यहां मूर्ति की स्थापना की गई है। यह मूर्ति 48 दिनों में बनी है।

यहां महामारी से निवारण के लिए विशेष पूजा होगी। कुछ ही दिनों में महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। जिसमें केवल मंदिर प्रबंधन ही भाग लेगा। लॉकडाउन की वजह से आम श्रद्धालुओं को मंदिर में पूजा की परमिशन नहीं होगी।

गौरतलब है कि तमिलनाडु में बीते 24 घंटों में कोरोना के 33,059 नए मरीज मिले हैं। 364 मरीजों ने संक्रमण की वजह से दम तोड़ा। जिसके बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 16,64,350 तक पहुंच गया है। वहीं अब तक राज्य में 18,369 लोगों की मौत हुई है। बीते 24 घंटों में 21,362 लोगों ने कोरोना को मात दी है। वहीं कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 2,42,929 है।