फुटबॉल के जादूगर पेले का निधन, पिछले महीने से अस्पताल में भर्ती थे दुनिया के महान फुटबॉलर

फुटबॉल लीजेंड पेले का 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह कैंसर से जूझ रहे थे और ब्राजील के अस्पताल में भर्ती थे।

Updated: Dec 30, 2022, 06:01 AM IST

ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले का गुरुवार देर रात निधन हो गया। वह 82 साल के थे। पेले ने ब्राजील को रिकॉर्ड 3 विश्वकप ज‍िताए थे। उनके एजेंट जोए फ्रैगा ने निधन की पुष्टि की है। सदी के सबसे बड़े फुटबॉलरों में शुमार पेले का 2021 से कोनल कैंसर का इलाज चल रहा था। पेले कई बीमारियों के कारण पिछले महीने से अस्पताल में भर्ती थे। 

फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शुमार पेले ने करीब दो दशक तक अपने प्रशंसकों का खेल के जरिये मनोरंजन किया। वह ब्राजील को फुटबॉल के शिखर तक लेकर गए और साओ पाउलो की सड़कों से शुरू किए अपने सफर में इस खेल के ग्लोबल एम्बेसडेर भी बने। पेले के रहते हुए ब्राजील ने 1958, 1962 और 1970 में विश्वकप जीता था। उन्होंने ब्राजील की तरफ से 77 गोल किए। उनके इस राष्ट्रीय रिकॉर्ड की हाल में विश्वकप के दौरान नेमार ने बराबरी की थी।

यह भी पढ़ें: क्रिकेटर ऋषभ पंत सड़क हादसे का शिकार, डिवाइडर से टकराई कार जलकर खाक, पंत के सिर में गंभीर चोट

पेले की रोसमेरी डोस रिस चोल्बी और असिरिया सेक्सास लेमोस से शादियों से पांच बच्चे और बिना शादी के दो बेटियां हैं। बाद में उन्होंने कारोबारी मार्शिया सिबेले ओकी से शादी कर ली। पेले का पूरा नाम एडसन अरांतेस डो नासिमेंटो था। उनका जन्म 1940 में हुआ। वह फुटबॉल की लोकप्रियता को चरम पर ले जाकर उसका बड़ा बाजार तैयार करने वाले पुरोधाओं में से एक रहे। 

भ्रष्टाचार, सैन्य तख्तापलट, सेंसरशिप और दमनकारी सरकारों को झेल रहे देश में उनका जन्म हुआ। सत्रह बरस के पेले ने हालांकि 1958 में अपने पहले ही विश्व कप में ब्राजील की छवि बदलकर रख दी। स्वीडन में खेले गए टूर्नामेंट में उन्होंने चार मैचों में छह गोल किये जिनमें से दो फाइनल में किये थे।