शेयर बाजार पर चढ़ा Exit Poll का खुमार, Sensex में 2700 अंक की तेजी, Nifty भी ऑल टाइम हाई पर

सोमवार को सेंसेक्स 2700 अंकों की बढ़त लेकर 76,738 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी अपने ऑल टाइम हाई 23,338 पर पहुंच गया।

Updated: Jun 03, 2024, 12:23 PM IST

मुंबई। चुनाव नतीजों से पहले शेयर बाजार पर भी एग्जिट पोल्स का खुमार देखने को मिल रहा है। सोमवार को घरेलू शेयर बाजार अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 2700 अंकों की बढ़त लेकर 76,738 पर पहुंच गया। यह सेंसेक्स का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं निफ्टी भी अपने ऑल टाइम हाई 23,338 पर पहुंच गया। इसमें 800 अंक से ज्यादा की तेजी देखने मिली।

पिछले 2 साल में यह शेयर बाजार की एक दिन में सबसे ज्यादा बढ़त है। इससे पहले 30 अगस्त 2022 को सेंसेक्स में 1500 अंक से ज्यादा की तेजी रही थी। डॉलर के मुकाबले रुपया भी 42 पैसे मजबूत हुआ है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 83 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया है। इससे पहले डॉलर के मुकाबले रुपया 83.42 रुपए प्रति डॉलर पर था।

एग्जिट पोल्स में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने का दावा किया गया है। इसका असर अडानी ग्रुप के शेयरों पर देखने को मिल रहा है। आज अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी है। अडाणी पावर के शेयर में सबसे ज्यादा 16% से ज्यादा की तेजी है। सोमवार को अदाणी ग्रुप कंपनियों का कुल मार्केट मार्केट कैप हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से पहले के स्तर पर आ चुका है। 

अडानी ग्रुप के कंपनियों का मार्केट कैप एक बार फिर 19.1 लाख करोड़ रुपये की ऊंचाई पर पहुंच गया है, जो उसने हिंडनबर्ग के लगाए आरोपों से पहले बनाया था। इसके लिए अडानी ग्रुप की सभी लिस्डेट 10 कंपनियों को 500 दिनों से ज्यादा का वक्त लगा। अडानी ग्रीन का शेयर 11% उछलकर 2,174 के 52 वीक हाई लेवल पर जा पहुंचा।

इसके अलावा अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 6.7% बढ़कर  3,725.00 के लेवल पर जा पहुंचा। वहीं, अडानी पोर्ट्स  का शेयर आज 1,577.80 के आपने ऑल टाइम हाई को छू लिया। जबकि अडानी टोटल गैस 10% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।