लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, विपक्ष ने लगाया कार्यवाही में पक्षपात करने का आरोप
लोकसभा में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के भाषण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में एक ही ऐसा व्यक्ति है जो इनके सामने झुका नहीं है और वह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हैं। वो जो भी सच बोलते हैं उसे सरकार पचा नहीं पाती है।
नई दिल्ली। लोकसभा में मंगलवार को विपक्ष स्पीकर ओम बिरला को पद हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाया। 50 से ज्यादा सांसदों ने प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया। इसके बाद पीठासीन ने प्रस्ताव पेश करने की परमिशन दे दी। अब इस प्रस्ताव पर 10 घंटे चर्चा चल रही है। विपक्ष ने ओम बिरला पर सदन की कार्यवाही में पक्षपात करने का आरोप लगाया है।
बहस की शुरुआत कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने की। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान 20 बार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रोक-टोका गया। उन्हें बार बार रूलिंग बुक दिखाई गई। उन्होंने अपनी स्पीच में एक आर्टिकल का हवाला दिया। इस पर उन्हें मना किया गया, लेकिन सत्ता पक्ष के सांसदों ने भारत में बैन किताबें सदन में दिखाईं। उनसे कुछ नहीं कहा गया। इस तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं है।
यह भी पढ़ें:टटीरी गाने पर बुरे फंसे बादशाह, माफी से संतुष्ट नहीं हरियाणा महिला आयोग, SP कार्यालय ने किया तलब
गोगोई ने कहा कि 2 फरवरी को नेता विपक्ष राहुल गांधी जब बोल रहे थे, तब उन्हें बार-बार रोका गया। स्पीकर सर ने उनके तर्क पर सबूत देने का कहा। 9 फरवरी को शशि थरूर जब बोल रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया। सरकार ने कहा कि बोलिए, लेकिन हम कैसे बोल सकते हैं जब माइक ऑफ किया गया हो। संसद में ऐसी नई-नई चीजें हो रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज महिला सांसदों के उद्देश्य पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ओम बिरला जी ने पीएम मोदी के समय कहा था कि महिला सांसदों ने पीएम की चेयर घेर ली है। उनके साथ कुछ भी हो सकता था। ये बहुत ही शर्मनाक बात है। बिरला ने किस आधार पर महिला सांसदों पर ये आरोप लगाए।
इस दौरान संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इन लोगों ने पहले आरोप लगाया कि LoP को बोलने नहीं दिया जाता है। मैं कहता हूं 15वीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष केवल 2 बार बोले। जब सेशन चलता है, तो विदेश चले जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष अपनी बात बोल के सदन से भाग जाते हैं। किसी और की बात नहीं सुनते हैं। फिर कहते हैं कि मुझे बोलने नहीं दिया जाता है।
यह भी पढ़ें:BCCI ने वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया के लिए खोला खजाना, 131 करोड़ रुपए कैश प्राइज का ऐलान
वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के भाषण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह इसलिए हंस रही थीं क्योंकि आज उन्होंने जवाहरलाल नेहरू की तारीफ कर दी। उन्होंने कहा कि यह सुनकर उन्हें आश्चर्य हुआ। प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में एक ही ऐसा व्यक्ति है जो इनके सामने झुका नहीं है और वह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सदन में बेझिझक अपनी बात रखते हैं और जो सच है, उसे खुलकर बोलते हैं। उनका कहना था कि राहुल गांधी जो सच्चाई सदन में रखते हैं, वह सरकार पचा नहीं पाती है।




