टटीरी गाने पर बुरे फंसे बादशाह, माफी से संतुष्ट नहीं हरियाणा महिला आयोग, SP कार्यालय ने किया तलब
मशहूर रैपर बादशाह के नए गाने टटीरी में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी और अश्लीलता को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने उन्हें 13 मार्च को पानीपत एसपी ऑफिस में पेश होने का समन भेजा है।
हरियाणवी गाने टटीरी को लेकर उठे विवाद के बाद सिंगर और रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। हरियाणा महिला आयोग ने गाने में कथित आपत्तिजनक शब्दों और लड़कियों को गलत तरीके से दिखाने के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बादशाह को समन जारी किया है। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने स्पष्ट किया है कि बादशाह को 13 मार्च को पानीपत स्थित एसपी कार्यालय में पेश होना होगा। अगर ऐसा नहीं करने पर हरियाणा में उनके गानों पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की जा सकती है।
रेनू भाटिया ने कहा कि बादशाह द्वारा वीडियो जारी कर माफी मांगने के बावजूद आयोग इस मामले से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि सिंगर ने महिलाओं को गलत नजरिए से पेश किया है जो स्वीकार्य नहीं है। भाटिया ने कहा कि पिछले दो तीन दिनों से उन्हें लगातार फोन आ रहे हैं और कुछ लोगों ने यह भी कहा कि गाने के शब्दों का गलत मतलब निकाल लिया गया है। इस पर उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर शब्दों का कोई सकारात्मक अर्थ है तो बादशाह उसे किसी भी भाषा में समझाकर बताएं।
यह भी पढ़ें:BCCI ने वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया के लिए खोला खजाना, 131 करोड़ रुपए कैश प्राइज का ऐलान
महिला आयोग की अध्यक्ष ने यह भी बताया कि बादशाह के कुछ समर्थकों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उनसे संपर्क कर कहा कि सिंगर ने माफी मांग ली है और इस तरह कार्रवाई होने से इंडस्ट्री को नुकसान होगा। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि किसी भी कलाकार को गलत सामग्री पेश करने की छूट नहीं दी जा सकती। उनका कहना है कि जो भी व्यक्ति आपत्तिजनक गीत या वीडियो बनाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।
रेनू भाटिया ने यह भी बताया कि आयोग हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर एक ऐसी व्यवस्था बनाने की मांग करेगा जिसके तहत कोई भी गाना रिलीज होने से पहले उसकी जांच हो। उन्होंने कहा कि यदि रिलीज से पहले कंटेंट की समीक्षा के लिए कोई बोर्ड बनाया जाए तो भविष्य में इस तरह के विवादों को रोका जा सकता है।
यह भी पढ़ें:कूनो में गूंजी किलकारियां, मादा चीता ज्वाला ने 5 शावकों को दिया जन्म, भारत में चीतों की संख्या 50 पार
रविवार शाम हिसार में नारी नारायणी फाउंडेशन द्वारा आयोजित महिला शक्ति सम्मान कार्यक्रम में भी रेनू भाटिया ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने कलाकारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक व्यक्ति पर कार्रवाई होती है तो बाकी लोग भी उससे सीख लेते हैं। उनका कहना था कि कलाकारों को गीतों के बोल और उनके प्रभाव को लेकर अधिक जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।
टटीरी गाने में फीमेल वोकल देने वाली 20 वर्षीय सिमरन जागलान कैथल जिले के पट्टी अफगान गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता कर्मबीर फौजी भी हरियाणवी गायक हैं। चार बहनों में तीसरे नंबर पर आने वाली सिमरन फिलहाल कैथल के आरकेएसडी कॉलेज में बीए लास्ट इयर की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह बॉक्सिंग भी करती हैं और गुरमीत कोच के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ले रही हैं। सिमरन राज्य और राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग चैंपियन भी रह चुकी हैं।
यह भी पढ़ें:MP में मार्च की शुरुआत में ही चढ़ा पारा, दिन में तपन और ठंडी रात बढ़ा रहे सर्दी-जुकाम के मरीज
बताया जा रहा है कि सिमरन ने यह गाना करीब तीन साल पहले अपनी पारंपरिक शैली में रिकॉर्ड किया था। उनकी आवाज पसंद आने के बाद बादशाह ने इसे दोबारा रिकॉर्ड करवाया और इसी वजह से उन्हें इस गाने में मौका मिला। हालांकि, विवाद मुख्य रूप से बादशाह के रैप और लिरिक्स को लेकर खड़ा हुआ है। गाने के वीडियो में स्कूली छात्राओं को यूनिफॉर्म में दिखाया गया है जहां वे बैग फेंकते नजर आती हैं। इसके अलावा वीडियो में रोडवेज बस और सरकारी स्कूल की लोकेशन का भी इस्तेमाल किया गया है।
गाने की शूटिंग हरियाणा के जींद जिले के सच्चा खेड़ा और नरवाना के अलावा दुबई में भी की गई थी। 26 फरवरी को बादशाह इस गाने के प्रमोशन के सिलसिले में कैथल और सोनीपत भी पहुंचे थे। वहीं, प्रोडक्शन टीम ने 14 मार्च को मुंबई में सिमरन और बादशाह का एक शो भी तय किया था। इस पूरे मामले को लेकर राज्य सरकार और महिला आयोग ने जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है। वहीं, जींद रोडवेज प्रशासन ने भी जांच में पाया है कि वीडियो शूटिंग के दौरान बिना अनुमति के रोडवेज बस का इस्तेमाल किया गया था जिसे लेकर अलग से कार्रवाई की जा सकती है।
यह भी पढ़ें:दिल्ली में बेकाबू DTC बस का कहर, राहगीरों को रौंदती हुई निकली, दो की मौत




