इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, नई नियुक्ति तक राहुल भाटिया संभालेंगे अंतरिम जिम्मेदारी
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने मंगलवार को निजी कारणों से इस्तीफा दे दिया। अब एमडी राहुल भाटिया अंतरिम जिम्मेदारी संभालेंगे।
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने मंगलवार 10 मार्च 2026 को नियामकीय फाइलिंग के जरिए इसकी जानकारी दी। एल्बर्स के पद छोड़ने के बाद कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया को अंतरिम रूप से एयरलाइन के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे तब तक कंपनी के कामकाज की निगरानी करेंगे जब तक नया स्थायी CEO नियुक्त नहीं कर दिया जाता है।
इंडिगो की ओर से जारी फाइलिंग में बताया गया कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 10 मार्च को हुई बैठक में पीटर एल्बर्स के इस्तीफे पर संज्ञान लिया। कंपनी ने कहा कि एल्बर्स को 10 मार्च को कारोबार बंद होने के बाद से पद से मुक्त कर दिया जाएगा। इसके बाद राहुल भाटिया अंतरिम तौर पर कंपनी के प्रबंधन और दैनिक संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
एल्बर्स ने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने राहुल भाटिया को लिखे पत्र में कहा कि इंडिगो के CEO के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि उनका नोटिस पीरियड माफ कर दिया जाए ताकि वह तत्काल प्रभाव से पद छोड़ सकें। एल्बर्स ने अपने संदेश में कहा कि इंडिगो परिवार का हिस्सा बनना और कंपनी की विकास यात्रा में योगदान देना उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा है।
उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है जब एयरलाइन हाल ही में अपने सबसे बड़े संचालन संकटों में से एक से गुजरी थी। दिसंबर 2025 की शुरुआत में इंडिगो को बड़े पैमाने पर उड़ानों में व्यवधान का सामना करना पड़ा था। उस दौरान एयरलाइन को 2,507 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थी और 1,852 उड़ानें देरी से चली थी। इस वजह से देशभर में करीब तीन लाख यात्री प्रभावित हुए थे और कई जगह यात्रियों को लंबे समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहना पड़ा था।
इस संकट के बाद विमानन नियामक महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच की और इंडिगो पर 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। नियामक ने एयरलाइन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। इस पूरे घटनाक्रम से कंपनी की छवि और यात्री भरोसे पर भी असर पड़ा था।




