फिर नए ऑल टाइम हाई पर शेयर बाजार, सेंसेक्स 75,499 और निफ्टी ने 22,993 का लेवल छुआ

बाजार ऊपरी स्तरों से थोड़ा नीचे आया और सेंसेक्स 1196 पॉइंट की तेजी के साथ 75,418 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 354 पॉइंट चढ़ा। ये 22,952 के स्तर पर बंद हुआ।

Updated: May 23, 2024, 03:58 PM IST

मुंबई। घरेलू शेयर मार्केट आज यानी गुरुवार (23 मई) को ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। सेंसेक्स ने 75,499 का हाई बनाया है। इससे पहले सेंसेक्स का हाई 75,124 था जो उसने 9 अप्रैल को बनाया था। वहीं निफ्टी ने 22,993 का लेवल छुआ। इससे पहले निफ्टी का हाई 22,794 था।

हालांकि, बाजार ऊपरी स्तरों से थोड़ा नीचे आया और सेंसेक्स 1196 पॉइंट की तेजी के साथ 75,418 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 354 पॉइंट चढ़ा। ये 22,952 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल 3 शेयरों में गिरावट है और 27 में तेजी देखने को मिली।

गुरुवार के कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी बैंकिंग और ऑटो शेयरों में देखने को मिला। निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 2.25% और बैंक इंडेक्स में करीब 2.06% की तेजी के साथ बंद हुआ। आईटी और रियल्टी इंडेक्स 1% से ज्यादा चढ़े हैं। वहीं फार्मा में गिरावट रही। फार्मा इंडेक्स -0.52% नीचे बंद हुआ।

गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस का शेयर NSE पर 5.15% ऊपर 286 रुपए पर लिस्ट हुआ। वहीं BSE पर ये 3.35% ऊपर 281.10 रुपए पर लिस्ट हुआ। इसका इश्यू प्राइस 272 रुपए का था।

इससे पहले कल यानी बुधवार (22 मई) को शेयर बाजार में बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 267 अंक की बढ़त के साथ 74,221 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 68 अंक की तेजी रही। ये 22,597 के स्तर पर बंद हुआ था।